Agra News: जेसीबी की टक्कर से भरभराकर गिरी दीवार, मलबे में दबकर कक्षा तीन में पढ़ने वाले दो छात्र घायल
Agra News: आगरा में जेसीबी की टक्कर से दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे में दबकर कक्षा तीन में पढ़ने वाले दो छात्र घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में जेसीबी की टक्कर से दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे में दबकर दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद मौके पर काम को रोक दिया गया। ग्रामीणों में जेसीबी चालक के प्रति आक्रोश है।
ट्यूशन पढ़ने जा रहे थे बच्चे
घटना मलपुरा थाना क्षेत्र के नगला माकरोल गांव की है। गांव में रास्ते को जेसीबी मशीन की मदद से समतल किए जाने का काम चल रहा था। इस बीच पास में खड़ी दीवार पर पर जेसीबी का धक्का लग गया। इससे वह भरभराकर गिर गई। इसी समय गांव के दो बच्चे ट्यूशन पढ़ने जा रहे थे। वह मलबे में दब गए।
यह भी पढ़ेंः- UPSC CSE Result: दिव्यांगता को मात दे सूरज तिवारी ने हासिल की 917वीं रैंक, बोले- कुछ भी हो न हारें हिम्मत
ग्रामीणों में चालक के प्रति आक्रोश
गांव निवासी कक्षा तीन में पढ़ने वाले शिवम और प्रवीण के मलबे में दबने से मौके पर चीख पुकार मच गई। लोगों ने मलबा हटाकर दोनों छात्रों को निकाला और अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद गांव में तनाव का माहौल हो गया। काम को रोक दिया गया। ग्रामीणों में चालक के प्रति आक्रोश है।