Agra News: शमसाबाद में ग्रामीणों ने एसडीओ सहित बिजली विभाग की टीम को बनाया बंधक, आए थे चेकिंग करने
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग के काफी संख्या में कर्मचारी घरों की छतों पर चढ़कर केबल काटने के नाम पर घरों में नहा रहीं महिलाओं को देख रहे थे, जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने एसडीओ सहित तीन कर्मचारी को बंधक बना लिया।
विस्तार
आगरा के थाना शमसाबाद के गांव धिमिश्री में चेकिंग करने के लिए आई बिजली विभाग की टीम के सामने उस समय बड़ा संकट खड़ा हो गया, जब ग्रामीणों ने टीम के सदस्यों को घेर लिया। बताया गया है कि ग्रामीणों ने एकजुट होकर एसडीओ सहित बिजली विभाग की टीम को बंधक बना लिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग के काफी संख्या में कर्मचारी घरों की छतों पर चढ़कर केबल काटने के नाम पर घरों में नहा रहीं महिलाओं को देख रहे थे, जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने एसडीओ सहित तीन कर्मचारी को बंधक बना लिया। जानकारी होने पर उप जिलाधिकारी फतेहाबाद जेपी पांडे, सीओ फतेहाबाद सौरभ सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण एसडीओ पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए।
पूर्व विधायक ने समझाया तो माने ग्रामीण
जानकारी होने पर पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह एवं बिजली विभाग के तृतीय अवर अभियंता प्रभाकर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पूर्व विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। तृतीय अवर अभियंता बिजली विभाग प्रभाकर सिंह का कहना है कि एसडीओ को हटा दिया गया है। किसान नेता रामनिवास रघुवंशी ने बताया है कि एसडीओ का रवैया तानाशाह पूर्ण है। इन्होंने शमशाबाद व धिमश्री में झूठे मुकदमे दर्ज कराएं हैं, जिसको लेकर आज ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने बिजली विभाग की टीम को बंधक बना लिया।
पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह ने कहा है कि प्रदेश में सूखे के हालात हैं। सरकार की मंशा है कि किसानों और मेहनतकस लोगों पर बिजली बकाया निलंबित रखा जा रहा है। सरकार मदद कर रही है। ऐसे अधिकारी सरकार की छवि खराब कर रहे हैं।