अमर उजाला अभियान स्वास्थ्य: चौथी लहर की दस्तक से समझा टीके का महत्व, 15 दिन में दो गुना हुआ टीकाकरण
आगरा में 15 से 17 साल के 82.4 प्रतिशत किशोर-किशोरियां टीका लगवा चुके हैं। ग्रामीण किशोर-किशोरी और बच्चे भी टीकाकरण में आगे हैं।
विस्तार
आगरा में कोरोना वायरस के नए मरीज बढ़े हैं। चौथी लहर ने दस्तक दे दी है। इससे अभिभावक भी सजग हो गए हैं और अपने बच्चों को बूथ पर टीकाकरण कराने ले जा रहे हैं। बीते 15 दिन में 12 से 14 साल तक के बच्चों का करीब दोगुना टीकाकरण हुआ है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे और किशोर-किशारियां टीकाकरण में आगे हैं।
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि 12 से 14 साल तक के 1.87 लाख बच्चों को टीका लगना है। इनमें से 73 हजार बच्चों को पहली डोज लग गई है। खासतौर से बीते 10-15 दिनों में टीकाकरण की दर दोगुना के करीब हुई है। जहां 15 दिन पहले तक 25 हजार बच्चों को टीका लगा था, बीते 15 दिन में 48 हजार बच्चों के वैक्सीन लग चुकी है। 15 से 17 साल के किशोर-किशोरियों की बात करें तो 82 फीसदी को पहली और 38.9 प्रतिशत को दूसरी डोज लगी है।
टीकाकरण के आंकड़े
187179: बच्चे हैं 12 से 14 साल तक के
73206: बच्चों को लगी वैक्सीन की पहली डोज
1691: बच्चों ने टीके की दूसरी डोज लगवाई
309916: किशोर-किशोरियों को लगना है टीका
255368: किशोर-किशोरियों को लग चुकी है टीके की पहली डोज
120628: किशोर-किशोरियों को टीके की दूसरी डोज लगी