Mainpuri: गश्त से लौटने के बाद सोते रहे चौकी इंचार्ज, चोर चुरा ले गए पिस्टल
लापरवाही कहें या ड्यूटी की थकान। मैनपुरी के करहल में चौकी इंचार्ज की सरकारी पिस्टल व पर्स चोरी हो गया। घटना को उस समय अंजाम दिया गया, जब चौकी इंचार्ज देर रात ड्यूटी से लौटने के बाद सरकारी आवास में आराम कर रहे थे। इस घटना के बाद से पुलिस अधिकारियों के होश उड़े हुए हैं।
विस्तार
मैनपुरी के करहल में चोरों ने चौकी प्रभारी को निशाना बनाया। रविवार की रात गश्त से लौटने के बाद कस्बा चौकी प्रभारी कमरे में आकर सो गए। इस बीच कोई उनकी सरकारी पिस्टल, दस कारतूस व पर्स चोरी कर ले गया। एसपी ने रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
अलमारी में रख दिया था पर्स और पिस्टल
कस्बा करहल के चौकी इंचार्ज अनिल कुमार रविवार को देर रात गश्त करने के बाद अपने कमरे पर आराम करने के लिए पहुंचे थे। खाना खाने के बाद पिस्टल व पर्स अलमारी में रखकर सो गए थे। देररात किसी समय कमरे में घुसे चोर ने उनकी पिस्टल व पर्स चोरी कर लिया। सोमवार की सुबह चौकी इंचार्ज जागे तो उन्हें अपनी पिस्टल व पर्स नहीं मिला, काफी देर कमरे में तलाश के बाद उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। सीओ अशोक कुमार, प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार आदि मौके पर पहुंच गए। सोमवार को एसपी ने थाने पहुंच कर जानकारी की। चौकी इंचार्ज की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोर की तलाश में जुट गई है।
चोरी या साजिश
चौकी इंचार्ज के कमरे में जाकर पर्स व सरकारी पिस्टल की चोरी हिम्मत का काम है। ऐसे में यह साजिश भी हो सकती है। इसको लेकर भी महकमे में चर्चा है। पिस्टल चोरी करने वाले की तलाश के लिए पुलिस जुटी है।
दर्ज किया गया मुकदमा
एसपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि चौकी इंचार्ज गश्त करने के बाद कमरे पर आकर सो गए थे। रात में उनकी पिस्टल व पर्स चोरी हो गया। घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया है।
चोरी या किसी अपने ने निकाली खुन्नस
कस्बा चौकी प्रभारी के चौकी स्थित आवास से पिस्टल, मोबाइल, पर्स आदि सामान चोरी कर लिया गया। यह वारदात चोर द्वारा अंजाम दी गई या किसी अपने ने खुन्नस निकाली, इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है। माना जा रहा है कि चोर पुलिसकर्मी के सरकारी आवास में घुसने की हिम्मत कैसे जुटा सकता है। मूलरूप से जनपद औरैया के अटिया सहायल निवासी चौकी इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि रात्रि ड्यूटी पर तैनात थे, देर रात करीब तीन बजे वह चौकी स्थित अपने आवास पर आये और सो गए, इस बीच पिस्टल, कारतूस और पर्स चोरी हो गया।
लोगों में ये चर्चा
लोगों में चर्चा है कि चौकी स्थित पुलिस के आवास पर कौन चोरी की वारदात को अंजाम देने की हिम्मत करेगा। लोग दबी जुबान से कह रहे थे कि हो सकता है किसी अपने ने ही पिस्टल चोरी कर कोई खुन्नस निकाली होगी। घटना के बाद चोर का पकड़ा जाना बेहद जरूरी है तभी चोरी या साजिश का खुलासा हो सकेगा।