गजब है यूपी पुलिस ! हेड कांस्टेबलों को रिटायरमेंट के बाद मिली दरोगा बनने की खबर
ऐसा आश्चर्य अकेले धर्म सिंह को नहीं हुआ है, आगरा में ही 50 से ज्यादा एचसीपी हैं। प्रदेश में तो संख्या सैकड़ों में हैं। इन्हें पेंशन में तो पदोन्नति का लाभ मिलेगा, लेकिन जीवन भर यह मलाल रहेगा कि काश, प्रमोशन समय से मिल गया होता। पुलिस मुख्यालय से सूची जारी करने में हुई देरी का खामियाजा इन्हें भुगतना पड़ा।
सूची में पुलिस लाइन में तैनात रहे एचसीपी वीरेंद्र सिंह, भूप सिंह, तेजपाल सिंह, भरत सिंह, ताज सुरक्षा के सुरेंद्र कुमार, नाई की मंडी थाना के शांति स्वरूप का नाम भी शामिल है। आगरा से 195 एचसीपी का नाम सूची में हैं। वरिष्ठता के आधार पर यह पदोन्नति दी गई है।
दफ्तर के चक्कर काट रहे पुलिसकर्मी
पदोन्नति के आदेश में यह शर्त भी रखी गई है कि अगर प्रोन्नत किए गए पुलिसकर्मी आधारभूत परीक्षण में सफल नहीं हुए तो पदोन्नति निरस्त समझी जाए। अब जो सेवानिवृत्त हो चुके हैं, उनका परीक्षण कैसे किया जाएगा। इसी सवाल को लेकर ये लोग एसएसपी दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं।
इस संबंध में एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि एचसीपी का उप निरीक्षक के पद पर प्रमोेशन हुआ है। इसमें यह देखना महत्वपूर्ण है कि यह किस तिथि से लागू माना जाएगा। अगर तारीख पीछे की है तो प्रोन्नत वेतनमान और पेंशन का लाभ उनको भी मिलेगा, जो सेवानिवृत्त हो चुके हैं। हालांकि, सेवानिवृत्ति के बाद प्रमोशन की जानकारी मुझे नहीं है।