Mathura: बांके बिहारी मंदिर में पुलिसकर्मी ने महिला संग की शर्मनाक हरकत, एसपी सिटी ने दिए जांच के आदेश
बांकेबिहारी मंदिर में जन्माष्टमी पर उमड़ी भीड़ के दौरान यूपी पुलिस के एक जवान ने महिला के साथ बेहद ही शर्मनाक हरकत की। उसकी ये हरकत कैमरे में कैद हो गई, जो अब वायरल हो रही है।
विस्तार
मथुरा में वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में मंगला आरती के दौरान हुई भीड़ से पुलिस का एक और चेहरा सामने आया है। रविवार को वायरल हुए एक वीडियो में भीड़ में फंसी महिला के साथ पीछे खड़ा पुलिसकर्मी अश्लील हरकत कर रहा है। इस अश्लील हरकत के दौरान महिला ने पीछे मुड़कर पुलिसकर्मी का विरोध किया, जिसके बाद वह वहां से निकल लिया। इस संबंध में एसपी सिटी एमपी सिंह ने कहा कि वीडियो की जांच कराई जा रही है, जो भी दोषी होगा कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद भी मंदिर में कम नहीं हो रही भीड़
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में हुए हादसे के बाद भी मंदिर में भीड़ का दबाव कम नहीं हो सका है। रविवार को भी मंदिर में भारी भीड़ का दबाव रहा, हालांकि मंगला आरती के दौरान हुए हादसे से सबक लेकर मंदिर प्रबंधन और पुलिस ने व्यवस्थाओं को संभालने का प्रयास किया है। रविवार की छुट्टी होने के बाद ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भारी भीड़ रही। सुबह पट खुलने के पहले ही मंदिर के बाहर भीड़ जमा हो गई। मंदिर के गेट खुलते ही भक्तों की भीड़ मंदिर में प्रवेश कर गई।
निकासी के लिए की गई ये व्यवस्था
मंदिर में रविवार को भी बेतहाशा भीड़ रही। हादसे के बाद मंदिर प्रबंधन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर के गेट नंबर दो और तीन से श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा था जबकि एक और चार से निकासी की व्यवस्था की गई। इसके बाद भी मंदिर में भीड़ का दबाव लगातार बना रहा। गलियों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
घटना के वक्त बड़ी संख्या में थी पुलिस
बांकेबिहारी मंदिर में जिस समय हादसा हुआ उस समय मंदिर के निजी सुरक्षाकर्मियों के अलावा पुलिस और पीएसी के जवान तैनात थे। मंदिर की तरफ से सामान्य दिनों में 57 सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं लेकिन मंगला आरती के समय 50 और निजी सुरक्षाकर्मियों को बढ़ाया गया था। इसके अलावा पुलिस और पीएसी के जवान तैनात थे।