यूपी पीसीएस 2018 का परिणाम घोषित: कासगंज के दो सगे भाइयों का चयन, हासिल की ये रैंक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने शुक्रवार को पीसीएस-2018 की परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। इसमें कासगंज जिले के दो सगे भाइयों ने सफलता पाई है। बड़े भाई गौरव सिंह ने सहायक आयुक्त वाणिज्य कर के पद के लिए 38वीं रैंक हासिल की है। जबकि छोटे भाई अंकित सिंह ने यूपी पुलिस में डीएसपी पद के लिए 86वीं रैंक प्राप्त की है।
शहर के मोहल्ला जय जयराम निवासी इन दोनों भाइयों के पिता डॉ. राम प्रसाद स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हैं। उनकी मां पुष्पा देवी कासगंज के गांव नगला बिदारी के परिषदीय स्कूल में शिक्षिका हैं। दोनों की सफलता पर परिवार में खुशियां छाई हैं। दोनों बेटों की कामयाबी पर माता-पिता को गर्व है। गौरव और अंकित को बधाई देने वालों का तांता लगा है।
गौरव सिंह: अब तक जीएसटी अधीक्षक, अब सहायक आयुक्त वाणिज्य कर
गौरव सिंह ने प्राथमिक शिक्षा कासगंज से, माध्यमिक शिक्षा एटा से और उच्च शिक्षा कानपुर से हासिल की। बीटेक करने के बाद उन्होंने वर्ष 2014 में चयन सेवा आयोग के तहत समीक्षा अधिकारी के लिए परीक्षा दी। वर्ष 2015 में वे समीक्षा अधिकारी बन गए।
इसके बाद उन्होंने एसएससी की परीक्षा दी। इसमें उनका चयन जीएसटी अधिकारी के रूप में हुआ। फिलहाल वह बैंगलोर में तैनात हैं। अब गौरव यूपीपीसीएस की परीक्षा में सहायक आयुक्त वाणिज्य कर के पद पर चयनित हुए है। वह अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को देते हैं।
अंकित सिंह: सफलता की ओर बढ़ाते जा रहे कदम
अंकित सिंह ने प्राथमिक शिक्षा कासगंज में प्राप्त की। उच्च शिक्षा दिल्ली के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से हासिल की है। बचपन से ही अंकित शिक्षा के क्षेत्र में होनहार रहे। इसी साल अगस्त माह में संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में उन्होंने 788 रैंक हासिल की थी। उसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा दी।
अब इस परीक्षा में यूपी पुलिस के पुलिस उपाधीक्षक के पद पर चयनित हुए हैं। अंकित और गौरव की बहन छाया सिंह नोएडा में रहती हैं। वह अपनी सफलता को श्रेय माता, पिता, बड़े भाई और बहन को देते हैं।