पंचायत चुनाव 2021: संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की होगी वीडियोग्राफी
- मैनपुरी जिले में रोजगार सेवकों को सौंपी गई है जिम्मेदारी, जल्द जारी होगा केंद्रवार आदेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी जिले में संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी रोकने के लिए मतदान के दौरान वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इसके लिए रोजगार सेवकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जल्द ही निर्वाचन कार्यालय से इसका आदेश भी जारी कर दिया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर विकास भवन में रोजगार सेवकों के साथ बैठक भी की गई।
ऐसे मतदान केंद्र जहां बीते चुनावों में विवाद हुआ है या विवाद की संभावना है, इनको संवेदनशील और अति संवेदनशील की सूची में रखा गया है। इसके लिए उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारियों से संयुक्त रिपोर्ट ली गई है। इन केंद्रों पर कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए प्रशासन सतर्क है। इसी के चलते इन सभी केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
रोजगार सेवक करेंगे वीडियोग्राफी
वीडियोग्राफी की जिम्मेदारी पंचायतों में तैनात रोजगार सेवकों को दी गई है। वे ही वीडियोग्राफी करेंगे। इस संबंध में शनिवार को विकास भवन में उपायुक्त मनरेगा पीसी राम ने रोजगार सेवकों के साथ दो पालियों में बैठक की।
उन्होंने सभी रोजगार सेवकों को नियमानुसार अपना काम करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि सभी रोजगार सेवक अपनी दायित्व का निर्वाह चुनाव में पूरी ईमानदारी के साथ करें। उन्होंने रोजगार सेवकों को चुनाव संबंधी नियमों के बारे में भी जानकारी दी।
रोजगार सेवकों का भी छलका दर्द
बैठक में रोजगार सेवकों का भी दर्द छलका। उन्होंने कहा कि न तो रोजगार सेवकों को चुनाव में मतदान केंद्र तक आने जाने के लिए वाहन उपलब्ध कराया जाता है और न ही कोई पहचान पत्र दिया जाता है। इससे सुरक्षाकर्मी उन्हें रोक देते हैं। साथ ही आने-जाने में भी परेशानी होती है। इस पर उपायुक्त मनरेगा ने निर्वाचन कार्यालय से बात कर उनकी समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।