यूपी पंचायत चुनाव: फायरिंग और पथराव की घटनाओं के बीच मथुरा में 70 फीसदी मतदान
मथुरा की 504 ग्राम पंचायतों के 2155 मतदेय स्थलों पर गुरुवार को वोट डाले गए। मतदान के दौरान हर बूथ पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए गुरुवार को 70 फीसदी मतदान हुआ। कड़ी सुरक्षा में कराए मतदान के दौरान बरसाना में गोलियां चल गईं और कुछ स्थानों पर छुटपुट घटनाएं हुईं, जिन्हें पुलिस ने मौके पर ही संभाल लिया। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने कहा कि कुछेक घटनाओं को छोड़ मतदान शांतिपूर्वक हुआ है।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि बरसाना में गोलीबारी करने वाले 24 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा कहीं कोई बड़ी घटना नहीं हुई है। हालांकि कुछ स्थानों पर फर्जी मतदान की घटनाएं हुईं, जिसमें पुलिस ने एक युवती समेत कई को हिरासत में लिया।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सुबह से ही मतदाताओं में जोश दिखाई दिया। शुरुआत में मतदान प्रतिशत कम रहा लेकिन जैसे ही दिन चढ़ता गया, मतदान बढ़ता चला गया। शाम तक जिले में 70 फीसदी मतदान हुआ। देर रात बूथों से मतपेटिकाओं को मतगणना स्थल पर लाकर रखा गया।
2155 बूथों पर हुआ मतदान
जिले के 860 मतदान केंद्रों पर बने 2155 बूथों पर मतदान हुआ। बरसाना के गांव नहारा के मतदान केंद्र पर मतदान को लेकर दो पक्ष भिड़ गए और गोलियां चलीं। पुलिस ने मामले को संभाल लिया और पुलिस ने 24 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी ग्रामीणों में आपसी झड़प की घटनाएं हुईं।
कोसीकलां के गांव फूलगढ़ी में फर्जी मतदान को लेकर प्रत्याशी समर्थक आपस में भिड़ गए और पथराव हुआ। फालैन व बरहाना के मजरा मीनानगर में झगड़ा कर रहे दो पक्षों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कई बूथों पर देर रात तक ग्रामीणों ने वोट डाले।
प्रधान प्रत्याशी की कोरोना से मौत
थाना फरह के गांव गजोली के प्रधान प्रत्याशी रणधीर सिंह की कोरोना से मृत्यु हो गई है। इससे प्रधान पद का मतदान रोक दिया गया है। उधर, गांव कोयल में प्रधान प्रत्याशी की बुधवार की रात मौत हो जाने से वोटिंग निरस्त कर दी गई है।दोनों जगहों पर अन्य पदों के लिए मतदान हो रहा है।
प्रत्येक ब्लॉक में बने हैं मतगणना केंद्र
मथुरा ब्लॉक की मतगणना वृंदावन दास प्रकाशवती राजकीय इंटर कॉलेज मथुरा, गोवर्धन ब्लॉक की डीएवी इंटर कॉलेज गोवर्धन, बलदेव ब्लॉक की डीएनवी कॉलेज निकट अवैरनी चौराहा, मथुरा सादाबाद मार्ग मथुरा, फरह ब्लॉक की पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय कन्या इंटर कॉलेज फरह, चौमुंहा ब्लॉक की सर्वोदय महाविद्यालय चौमुंहा, छाता ब्लॉक की गांधी इंटर कॉलेज छाता, नंदगांव ब्लॉक की श्रीकृष्ण चैतन्य इंटर कॉलेज नंदगांव, मांट ब्लॉक की लोकमणि शर्मा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजकीय महाविद्यालय मांट, नौहझील ब्लॉक की एसआरबीएस इंटरनेशनल स्कूल बाजना रोड नौहझील तथा राया ब्लॉक की मतगणना नवीन उपमंडी समिति राया पर होगी।