UP Chunav 2022: आज सपा के गढ़ में गरजेंगे अमित शाह, करहल में बेटे अखिलेश के लिए मुलायम सिंह मांगेंगे वोट
इस विधानसभा चुनाव में हाई प्रोफाइल सीट बनी करहल के सियासी कुरुक्षेत्र में आज दिग्गज नेता चुनावी प्रचार करेंगे। इस चुनाव में पहली बार सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव पहली बार नजर आएंगे। वह करहल में बेटे अखिलेश यादव के लिए वोट मांगेंगे। वहीं गृहमंत्री अमित शाह भी सपा के गढ़ में भाजपा प्रत्याशी के प्रचार करेंगे।
विस्तार
समाजवादी पार्टी (सपा) का गढ़ कह जाने वाले करहल विधानसभा क्षेत्र में आज गृहमंत्री अमित शाह चुनावी प्रचार करेंगे। इस सीट से भाजपा ने केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ उतारा है। अमित शाह करहल के कोसमा चौराहे पर करीब दोपहर 12 बजे भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसंपर्क करेंगे। वहीं सपा मुखिया अखिलेश यादव करहल में अपने लिए जनसभा कर वोट मांगेंगे। अखिलेश के साथ उनके पिता मुलायम सिंह यादव चुनाव प्रचार में पहली बार नजर आएंगे।
डर गए हैं अखिलेश - बघेल
करहल से भाजपा प्रत्याशी एवं केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल का कहना है कि अखिलेश यादव डर गए हैं, इसलिए वोट मांगते फिर रहे हैं। इससे पहले नामांकन के दौरान अखिलेश ने कहा था कि करहल की जनता उन्हें जिताएगी, वह अब यहां नहीं आएंगे। इसके बाद लगातार वह मैनपुरी आ रहे हैं। उधर, सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए गुरुवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव मैनपुरी आ रहे हैं। वह चारों विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक जनसभा करेंगे।
तीसरी बार करहल आ रहे हैं अखिलेश यादव
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव करहल सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। वह तीसरी बार मैनपुरी की जनता से रूबरू होंगे। सबसे पहले वह 31 जनवरी को नामांकन करने आए थे, इसके बाद छह फरवरी को करहल के नरसिंह इंटर कॉलेज में जनसभा को संबोधित किया था। अब तीसरी बार अपने पिता मुलायम सिंह यादव के साथ अखिलेश वोट मांगने आ रहे हैं। वह करहल विधानसभा क्षेत्र के घिरोर स्थित चापरी तिराहा पर जनसभा को संबोधित करेंगे।