Agra: कोर्ट में हाजिर हुए केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, 14 को होगी सुनवाई, जानें क्या है मामला
केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल वर्ष 2016 में एत्मादपुर में बिना अनुमति सभा करने के मामले में कोर्ट में हाजिर हुए। विशेष मजिस्ट्रेट (एमपी-एमएलए) अर्जुन की अदालत में कोई गवाह नहीं आया। इस पर अदालत ने गवाही के लिए 14 जून की तिथि नियत की है।
विस्तार
केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल एत्मादपुर में छह वर्ष पहले बिना अनुमति सभा करने के मामले में मंगलवार को अदालत में हाजिर हुए। विशेष मजिस्ट्रेट (एमपी-एमएलए) अर्जुन की अदालत में कोई गवाह नहीं आया। इस पर अदालत ने गवाही के लिए 14 जून की तिथि नियत की है। मामले में वादी की गवाही होनी है।
वर्ष 2016 में थाना एत्मादपुर में केंद्रीय राज्यमंत्री और अन्य नेताओं के खिलाफ बिना अनुमति सभा करने पर पुलिस ने धारा 144 के उल्लंघन के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था। मामले में चार्जशीट अदालत में दाखिल की गई थी, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने आरोपों से डिस्चार्ज करने के लिए विशेष न्यायाधीश एमपी/एमएलए कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया था। इस पर 12 मई को सुनवाई के बाद विशेष मजिस्ट्रेट एमपी/एमएलए अर्जुन ने खारिज कर दिया था।
पिछली तारीख पर तय हुए थे आरोप
पिछली तारीख पर केंद्रीय मंत्री समेत अन्य पर आरोप तय हुए थे। केंद्रीय राज्यमंत्री के अधिवक्ता केके शर्मा ने बताया कि पूर्व सांसद प्रभूदयाल कठेरिया समेत तीन की हाजिरी माफी प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किया गया। मामले में वादी की गवाही के लिए 14 जून अदालत ने नियत की है। वहीं मामले में वादी समेत नौ गवाह हैं।
केंद्रीय मंत्री ने घर-घर बांटे योजनाओं के पर्चे
केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने मंगलवार को भाजपाइयों के साथ लोहामंडी क्षेत्र में घर-घर जाकर सरकारी योजनाओं के पर्चे बांटे। एक राशन की दुकान पर पहुंचकर लाभार्थियों से संवाद किया। दुकान से राशन का वितरण भी कराया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने सरकार की विभिन्न योजनाओं का प्रचार किया। उत्तर क्षेत्र से भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने विजय नगर कॉलोनी, धाकरान चौराहे पर एमएलसी विजय शिवहरे व एत्मादपुर से विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने रामबाग क्षेत्र में केंद्र में भाजपा सरकार के आठ साल पूरे होने पर उपलब्धियों के पर्चे वितरित किए। अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामबाबू हरित, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, पूर्व पार्षद हेमंत प्रजापति, सुनील करमचंदानी आदि मौजूद रहे।