मैनपुरी में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई धान काटने की मशीन, चालक-फोरमैन की मौत
मैनपुरी जनपद में रविवार देर रात दर्दनाक हादसा घटित हो गया। यहां हाईटेंशन लाइन से धान कटाने वाली मशीन छूट गई। इससे मशीन में करंट दौड़ गई, जिससे दो युवकों की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी जिले के थाना एलाऊ क्षेत्र में रविवार रात को कंबाइन मशीन सड़क के पास से गुजर रही बिजली की लाइन से छू गई। करंट लगने से मशीन के चालक और फोरमैन की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराया।
थाना किशनी क्षेत्र के गांव चतुरीपुर निवासी प्रदीप यादव की कंबाइन मशीन रविवार को थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव परिगवां निवासी एक किसान के खेत में धान काटने के लिए गई थी। रात करीब 9:30 बजे काम खत्म होने के बाद चालक गुरजीत (40) पुत्र ब्रजलाल निवासी गांव रसूलपुर और फोरमैन शेर सिंह (21) पुत्र बलराम निवासी गांव खानपुर, थाना बंडा शाहजहांपुर कंबाइन मशीन लेकर चतुरीपुर लौट रहे थे।
मशीन जब भांवत मार्ग पर गांव वीरपुर के पास सड़क पर पहुंची तभी ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन का तार मशीन से छू गया। चालक व फोरमैन जब तक कुछ समझ पाते, दोनों मशीन में प्रवाहित करंट की चपेट में आकर बेसुध होकर गिर पड़े।
हादसे की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। लाइन कटवाकर दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मशीन मालिक और मृतकों के परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने के बाद सोमवार को दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।
युवक की करंट लगने से मौत
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव नवादा में सोमवार की दोपहर युवक को घर में बिजली सही करने के दौरान करंट लग गया। परिजन उसे अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
गांव नवादा निवासी 28 वर्षीय सतीश चंद्र उर्फ छोटे पुत्र रामशंकर के घर में सोमवार को बिजली खराब हो गई। दोपहर करीब 12 बजे वह लाइन को सही कर रहा था, तभी अचानक उसे करंट लगा और वह अचेत होकर गिर गया। घर में शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। परिजन सतीश को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।