आगरा: शराब की दुकान से चोरी कर की पार्टी, पुलिस ने गिरफ्तार किए दो चोर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में शराब की दुकान से चोरी करने वाले दो चोरों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों दुकान से चोरी की गई शराब को सस्ते रेट में लोगों को बेच रहे थे। जो रुपये मिलते थे, उससे पार्टी कर लेते थे। उनके दो साथी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
बुंदू कटरा के रहने वाले प्रमोद कुमार की सिकंदरा क्षेत्र में बोदला-सिकंदरा मार्ग पर अंग्रेजी शराब की दुकान है। एक मार्च की शाम को दुकान बंद करके गए थे। दो मार्च की सुबह दुकान खोलने आए तो दीवार टूटी थी। उनकी दुकान से 68 पेटी शराब और 45 हजार रुपये चोरी कर लिए गए थे। उन्होंने सिकंदरा थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने जांच की। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में चोर नजर आए थे।
थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह ने बताया कि शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि सिकंदरा के जेसीबी चौराहे पर क्विड गाड़ी में दो लोग चोरी की शराब बेचने आ रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर ली। दो भाग गए, जबकि दो को पुलिस ने पकड़ लिया।
आरोपियों में बिचपुरी निवासी धर्मवीर और डौकी के कौलारा निवासी विशाल थे। उनसे 46 बोतल, 152 कैन बीयर मिलीं। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने शराब की दुकान से चोरी की थी। फरार आरोपियों के नाम विजय विहार कॉलोनी निवासी वर्माजी और कौलारा निवासी हरी सिंह बताए।
डेढ़ महीने पहले भी की थी चोरी
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने तकरीबन डेढ़ महीने पहले फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में कौरई टोल प्लाजा के पास स्थित शराब ठेके की दीवार तोड़कर चोरी की थी। इसके बाद शराब को बेच दिया था। इससे जो रुपये मिले, उससे अपने खर्च पूरे कर रहे थे। उनके पास से हरियाणा की शराब बरामद हुई है।