आगरा में युवक की हत्या: हमलावरों ने डंडों से पीटा, चाकू से कई वार, दहशत में घरों से नहीं निकले लोग
आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र में रविवार रात तकरीबन नौ बजे एक युवक की हत्या कर दी गई। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। दो युवकों ने वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी फरार हो गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के एत्माद्दौला के राकेश नगर में रविवार रात को एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पहले डंडों से प्रहार किए, बाद में गर्दन, सीने और पेट में चाकू मारे। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से दहशत में आए मोहल्ले के लोग घरों से बाहर नहीं निकले। रंजिश में हत्या की आशंका है। पुलिस जांच में जुटी है।
सिद्धार्थ नगर, नरायच निवासी धर्मवीर उर्फ बाबू वांटेड (32) की घर में ही परचून की दुकान है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि धर्मवीर रात तकरीबन आठ बजे घर से सामान लेने निकले थे। इसके बाद घर वापस आ रहे थे। राकेश नगर भगेना वाली गली में कुछ लोगों ने रोक लिया। पहले डंडों से पिटाई लगाई। इसके बाद चाकू से हमला किया।
शरीर पर कई जगह चाकू मारे
हमलावरों ने गर्दन, सीने और पेट में चाकू मारे। इससे धर्मवीर लहूलुहान होकर गिर गया। इसके बाद भी आरोपी चाकू मारते रहे। उनकी मौत होने के बाद ही हमलावर भागे। सूचना पर पीआरवी पहुंच गई। मोहल्ले में धर्मवीर का शव पड़ा हुआ था। बाद में थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र शंकर पांडेय फोर्स के साथ पहुंच गए। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह भी आ गए।
पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली। मगर, कोई हत्याकांड के बारे में नहीं बता पा रहा था। एसपी सिटी विकास कुमार का कहना है कि घटना के पीछे रंजिश की बात सामने आई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। प्राथमिक पूछताछ में दो लोगों के नाम सामने आए हैं। मृतक के शरीर पर चार जगह चाकू से वार के निशान नजर आए हैं। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
मोहल्ले के एक परिवार से चल रही रंजिश
थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र शंकर पांडेय का कहना है कि मृतक धर्मवीर पर परिजनों ने दो मुकदमे दर्ज होने के बारे में बताया है। वह कातिलाना हमले के मामले में जेल गया था। इस मामले में दो महीने पहले ही जमानत पर जेल से छूटकर आया था। परिजनों ने यह भी बताया कि उनकी राकेश नगर में रहने वाले खचेरा और महेंद्र से रंजिश चल रही थी। पुलिस हत्या के पीछे के कारण और आरोपियों के बारे में अभी और पूछताछ कर रही है।
अंडे की दुकान पर हुआ था विवाद
पुलिस की पूछताछ में यह भी पता चला कि पुलिस को फोन अंडे बेचने वाले युवक ने किया था। बताया था कि चार-पांच युवक ठेले पर आए थे। वह अंडे खाने के बाद जाने लगे। रुपये मांगने पर चाकू निकाल लिया। इस पर वो दूर भाग गया।
उसने पुलिस को सूचना दी। धर्मवीर निकलकर जा रहा था। उन्होंने युवकों को रोका था। वह उसे खींचकर गली में ले गए। धर्मवीर पर चाकू से हमला बोला। मौके पर पुलिस पहुंची तो धर्मवीर की लाश मिली। विक्रेता ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया।
परिवार में मचा कोहराम
धर्मवीर की पत्नी कंचन है। डेढ़ साल की बेटी स्वीटी है। पांच बहन, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। दो भाई और हैं। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
नहीं की बचाने की हिम्मत
पुलिस को पता चला है कि जिस समय हत्या हुई, तब कुछ लोग घरों से देख रहे थे। मगर, दबंगों की वजह से कोई घरों से बाहर नहीं आया। गली में लाइट भी बंद थीं। पुलिस के आने पर ही लोग बाहर आए।