आगरा: आचार संहिता के पहले दिन दो सभाओं में कोविड प्रोटोकॉल टूटा, 12 नामजद सहित 150 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा
आगरा में आचार संहिता लगने के बाद जिला प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। रविवार को शहर में दो जगह कार्यक्रम हुए। इनमें कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया। दोनों मामलों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
विस्तार
आगरा में आदर्श आचार चुनाव संहिता लागू होने के बाद पहले ही दिन नियम तार-तार हो गए। राष्ट्रीय परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले ईदगाह मैदान में बिना अनुमति महारैली आयोजित की गई। जिसमें 12 नामजद सहित 150 अज्ञात के विरुद्ध आचार संहिता व कोविड प्रोटोकॉल उल्लंघन के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ है। दूसरा मुकदमा सूरसदन में हुए सम्मेलन में 100 से अधिक लोगों की भीड़ जुटाने पर दर्ज किया गया है।
रकाबगंज क्षेत्र के ईदगाह कटघर मैदान में बिना अनुमति के राष्ट्रीय परिवर्तन मोर्चा ने महारैली एवं जनसभा का आयोजन किया। इसकी जानकारी पुलिस और खुफिया विभाग को भी नहीं थी। मंच बनाकर सभा की जा रही थी। इसमें बड़ी संख्या में भीड़ जुटाई गई। रविवार शाम को महारैली और सम्मेलन के वीडियो वायरल हुए। जिनका संज्ञान लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट प्रभु एन सिंह ने एफआईआर के आदेश दिए।
इस मामले में थाना रकाबगंज के प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि आयोजक विजय सुमन थे। चौकी प्रभारी ईदगाह हितेश चंद आजाद ने विजय सुमन सहित 12 नामजद और 150 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। विवेचना के बाद कार्रवाई की जाएगी। इसमें आचार संहिता, लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा और महामारी अधिनियम की धाराएं शामिल हैं।
सूरसदन में जुटे सैकड़ों लोग
दूसरा मामला हरीपर्वत क्षेत्र स्थित सूरसदन का है। शेफर्ड्स इंडिया इंटरनेशनल की ओर से रविवार को सूरसदन में धनगर समाज का मंडलीय सम्मेलन आयोजित किया गया था। थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष भगत सिंह बघेल ने प्रशासन से अनुमति ली थी।
बंद स्थान पर सौ लोगों के शामिल होने की अनुमति थी। इसके बावजूद सम्मेलन में 100 से अधिक लोग एकत्र हुए। कोविड प्रोटोकॉल का भी पालन नहीं किया गया। जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। सम्मेलन को स्थगित कर दिया गया। मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।
आचार संहिता प्रभारी अधिकारी एवं एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि दोनों जगह आचार संहिता और कोविड प्रोटोकॉल उल्लंघन के मामले में एफआईआर दर्ज कराई हैं।