मैनपुरी। चेकिंग के दौरान सिविल लाइन चौकी पुलिस ने बृहस्पतिवार की शाम एक ई-रिक्शा से 12 बोरी धान बरामद किया। उक्त माल कुछ दिन पूर्व एक ट्रक से चोरी किया गया था। कार्रवाई के दौरान दो आरोपी गिरफ्तार किए। तीन साथी चकमा देकर भाग गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।
कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार की शाम कुरावली तिराहा के पास चेकिंग हो रही थी, तभी सूचना मिली कि एक ई-रिक्शा में कुछ लोग चोरी का माल लेकर जा रहे हैं। इस सूचना पर सघनता के साथ चेकिंग शुरू की गई, कुछ देर बाद नगला पजाबा की ओर से एक ई-रिक्शा आता दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों के रोकने पर वह लोग बाईपास की ओर मोड़ कर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा किया तो तीन लोग रिक्शा से उतर कर खेत की ओर भाग गए। दो लोगों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करने पर अपने नाम मनीष उर्फ टिन्नी निवासी कांशीराम कॉलोनी और विकास गिहार निवासी गिहार कॉलोनी बस स्टैंड के सामने बताया। भागे हुए तीन साथियों के नाम निखिल खरपरी, बाबू भोगांव, कमल पंजाबी बाग कॉलोनी बताया। बताया कि कुछ दिन पूर्व फर्दपुर रोड पर खड़े एक ट्रक से 12 बोरी धान चोरी किया था, इसे आज बेचने के लिए मंडी ले जा रहे थे। पुलिस ने सभी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।