{"_id":"6840895f7fb97156f40361d7","slug":"toxic-chemicals-not-found-in-hafizpurs-water-soil-report-awaited-mainpuri-news-c-174-1-mt11005-138532-2025-06-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Agra News: हाफिजपुर के पानी में नहीं मिले विषैले रसायन, मिट्टी की रिपोर्ट आना बाकी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Agra News: हाफिजपुर के पानी में नहीं मिले विषैले रसायन, मिट्टी की रिपोर्ट आना बाकी
Wed, 04 Jun 2025 11:28 PM IST
आगरा ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
Updated Wed, 04 Jun 2025 11:28 PM IST
विज्ञापन
मैनपुरी/कुरावली। पेट्रोल-डीजल स्रोतों की तलाश के लिए कथित रूप से बाहरी लोगों के जमीन में बोरिंग और उनमें ब्लास्ट से दूषित हुए भूगर्भ जल को पीने से मौत के मामले में राजनीतिक भी गर्मा गई है। पूर्व सीएम एवं सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। इधर, मंगलवार को लिए गए भूगर्भ जल के नमूनों की जांच रिपोर्ट बुधवार को एक्सईएन जल निगम ने प्रशासन को सौंपी। पानी दूषित नहीं पाया गया है। एसडीएम कुरावली नितिन कुमार ने बताया कि पानी के नमूनों में कोई भी विषैले तत्व नहीं पाए गए हैं। इससे स्पष्ट होता है कि जल स्रोत से स्वास्थ्य को सीधा नुकसान नहीं है, लेकिन मिट्टी की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। प्रशासन इन बीमारियों को गर्मी और मौसमी संक्रमण मान रहा है, मगर ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की नालियों में गंदगी जमा है, जिससे संक्रमण फैल रहा है। हैरत की बात यह है कि डीएम के निरीक्षण के बावजूद गांव में कोई सफाई कार्य नहीं कराया गया। बुधवार को भी गांव की अधिकांश नालियां कचरे और गंदे पानी से भरी पड़ी थीं। ग्रामवासियों ने स्वास्थ्य विभाग और पंचायत प्रशासन से तत्काल सफाई अभियान चलाने की मांग की है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। सोशल मीडिया पर अमर उजाला की खबर को साझा करते हुए लिखा कि राज्य सरकार से मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और जिन लोगों की मौत हुई है उन्हें सरकार से मदद दी जाए। पिछले कई दिनों से कुरावली का ग्राम हाफिजपुर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस गांव में 40 से अधिक बोरिंग करके जलस्रोत एक करने के लिए ब्लास्ट किया गया। जिससे यहां के भूगर्भीय जल से हैंडपंप तथा ट्यूबवेल से आने वाला पानी गंदा हो गया। पानी के जहरीले होने की बात भी सामने आई है। दूषित पानी के इस्तेमाल से यहां के लोग बीमार पड़ रहे हैं।
विज्ञापन