International Yoga Day 2022: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को टोल रहेगा फ्री, आगरा डीएम ने जारी किए ये निर्देश
21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शहर से गांव तक कई कार्यक्रम होंगे। इसमें शामिल होने के लिए आने वाले वाहनों पर टोल फ्री रहेगा। इसे लेकर जिलाधिकारी ने परिवहन अधिकारियों से वाहनों का ब्योरा मांगा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में योग दिवस में शामिल होने वाले वाहनों को टोल टैक्स नहीं देना पड़ेगा। ये निर्णय बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह की बैठक में हुआ है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day 2022) पर 21 जून को होने वाले समारोहों के संबंध में परिवहन विभाग के अधिकारियों संग बैठक की। उनसे कार्यक्रमों में आने वाले वाहनों का ब्योरा जमा कराने को कहा है।
आठवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शहर से गांव तक कार्यक्रम होंगे। शहर में सबसे बड़ा आयोजन एकलव्य स्टेडियम में जबकि देहात का सबसे बड़ा आयोजन फतेहपुरसीकरी स्मारक पर होगा। योग दिवस की तैयारियों के लिए बृहस्पतिवार को डीएम प्रभु एन सिंह ने समीक्षा की। वाहनों की पार्किंग व्यवस्था की जानकारी ली। आने वाले वाहनों का गाड़ी नंबर, ड्राइवर के नाम-पते, मोबाइल नंबर एडीएम सिटी दफ्तर में शुक्रवार तक जमा कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि योग शिविर में आने वाले वाहनों से कोई टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा। डीएम ने फतेहपुरसीकरी में बनने वाली स्टेज, छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था के अलावा योग के लिए बुलाये जाने वाले लोगों के लिए प्रधानों से सहयोग लेने के निर्देश बीडीओ को दिए हैं। अतिथियों रुकने की व्यवस्था सर्किट हाउस में होगी। जिले में करीब आठ लाख लोग योग दिवस पर शामिल होंगे।
आयुष कवच पर अपलोड करें फोटो व वीडियो
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी जुगल किशोर राना ने बताया कि योग अभ्यास करने वाले लोग अपनी फोटो, वीडियो व अन्य सूचनाएं आयुष कवच एप पर अपलोड करें। एप पर व्यक्तिगत व सामूहिक योग अभ्यास की सूचनाएं भी दर्ज कराई जा सकती हैं।
विद्युतकर्मियों ने किया योग अभ्यास
कमला नगर विद्युत वितरण खंड में अधीक्षण अभियंता सुबोध कुमार शर्मा के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को विद्युत कर्मियों व उनके परिजनों ने योग अभ्यास किया। एसके शर्मा ने कहा निरोग रहने के लिए योग सबसे बड़ा माध्यम है। भारत ने पूरी दुनिया को योग का उपहार दिया है।
तन मन रहेगा स्वस्थ
घटिया आजम खां स्थित ताज प्रेस क्लब में योग प्रशिक्षक बॉबी दीक्षित ने योग शिविर लगाया। डॉ. अजय दौनेरिया ने योग के विभिन्न आसनों के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान सुनयन शर्मा, केपी सिंह, राम निवास, शशिकांत मिश्र, गजेंद्र दीक्षित, अनिल शर्मा आदि मौजूद रहे।