मैनपुरी: पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ लगा रहे तीन युवकों को ट्रक ने रौंदा, दो की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मैनपुरी के किशनी क्षेत्र अंतर्गत ग्वालियर-बरेली हाईवे पर मंगलवार की सुबह पुलिस भर्ती के लिए दौड़ लगा रहे तीन दोस्तों को एक ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया। एसडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद चार घंटे बाद यातायात सुचारु हुआ।
किशनी कस्बा में रह रहे नगला दनू निवासी शिवम शाक्य (19) पुत्र उमेश शाक्य, विशाल शाक्य (20) पुत्र श्रीचंद्र शाक्य तथा देवेंद्र यादव (19) पुत्र शिववीर सिंह यादव पुलिस भर्ती और सेना की तैयारी कर रहे थे।
हाईवे पर दौड़ लगा रहे थे तीनों
हादसे में शिवम और विशाल की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायल युवक को पीएचसी भिजवाया।
पुलिस ने परिजनों के आने से पहले ही दोनों शवों को ट्रैक्टर ट्राली में रखवा दिया। इससे परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश भड़क गया। करीब साढ़े छह बजे ग्रामीणों ने ग्वालियर-बरेली हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया।
मौके पर पहुंचे एसडीएम अशोक प्रताप और पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर करीब आधा घंटे बाद जाम खुलवा लिया। हालांकि भीड़ के कारण मार्ग पर आवागमन नहीं हो सका।
हाईवे पर लगाया जाम
सुबह साढ़े आठ बजे मृतकों के गांव से आई भीड़ ने सती मंदिर से लेकर आईटीआई कॉलेज तक सात सौ मीटर क्षेत्र में पांच जगह सड़क किनारे बिजली के खंभे और कांटे डालकर जाम लगा दिया। कुछ लोगों ने रामनगर रोड पर भी जाम लगाया।
ग्रामीण आलाअफसरों को मौके पर बुलाने, परिजनों को मुआवजा दिलाने और ट्रक और चालक को पकड़े जाने की मांग कर रहे थे। इस बीच एसडीएम और ग्रामीणों के बीच कई बार वार्ता हुई, लेकिन ग्रामीण जाम खोलने को तैयार नहीं हुए। करीब साढ़े नौ बजे एसडीएम के आश्वासन के बाद जाम खुला।
हादसे के कारण ग्वालियर-बरेली हाईवे पर सुबह साढ़े पांच बजे से लेकर साढ़े नौ बजे तक चार घंटे तक यातायात पूरी तरह से बाधित रहा। पुलिस ने रूट डायवर्ट करके वाहनों को गुजारा। मौके पर सीओ प्रयांक जैन, कुसमरा, एलाऊ, बेबर, कुर्रा थाना पुलिस व क्यूआरटी टीम के साथ मौजूद रहे।