आगरा: बारिश के बाद जलभराव होने से नाले में गिरे बाइक सवार तीन युवक, स्थानीय लोगों ने बचाया
आगरा में बारिश ने नगर निगम के इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है। सड़कों पर जगह-जगह जलभराव हो रहा है। जलभराव के कारण गुरुवार को तीन युवकों की जान बाल-बाल बची।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में बारिश के बाद यमुनापार टेढ़ी बगिया क्षेत्र में 100 फुटा रोड के नाले के उफन जाने से हुए जलभराव में गुरुवार को बाइक सवार तीन युवक नाले में गिर गए। तेज बहाव में उनकी मोटर साइकिल बह गई, जबकि बाइक पर सवार तीनों युवकों को दुकानदारों और क्षेत्रीय लोगों ने तुरंत पहुंचकर बाहर निकाल लिया।
दो घंटे की तलाश के बाद नाले के बहाव में बही मोटर साइकिल निकाली जा सकी। तीनों युवक इस हादसे में बाल-बाल बच गए, लेकिन उन्हें हाथ पैरों में चोटें आईं हैं। इस घटना से टेढ़ी बगिया क्षेत्र में नगर निगम के प्रति जबरदस्त आक्रोश फैल गया। क्षेत्रीय लोगों ने नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और नाले के निर्माण और चोक पड़े भूमिगत नाले की सफाई की मांग की है।
गुरुवार शाम सात बजे यमुनापार में तेज बारिश के दौरान बाइक सवार तीन युवक 100 फुटा रोड से निकलते समय जलभराव के दौरान नाले में गिर गए। बाइक पर सवार तीनों युवकों के गिरने और तेज आवाज में चिल्लाने से दुकानदार और क्षेत्रीय लोग दौड़ पड़े। लोगों की मदद से नाले में गिरे तीनों युवक निकाल लिये गए, पर बाइक को दो घंटे की मशक्कत के बाद निकाला जा सका।
भूमिगत नाले में फंसते तो नहीं बचती जान
जिस जगह हादसा हुआ, वहां नाला खुला हुआ है। तेज बहाव के बीच अगर युवक भूमिगत नाले तक पहुंच जाते तो निकलना मुश्किल हो जाता। यह नाला 1500 मीटर तक भूमिगत है और झरना नाले तक पहुंचता है। डेढ़ किमी की दूरी में युवकों के बहने पर मुश्किल हो जाती।
नगर आयुक्त निखिल टी. फुंडे ने बताया कि तेज बारिश के कारण नाले से सटे हिस्सों में पानी भर गया, जो बाद में निकल गया। लोग भी सावधान रहें। नगर निगम जहां पर नाले टूटे हैं, उन जगहों पर बेरीकेडिंग करा रहा है। काजीपाड़ा नाला, ताजगंज नाले में लोगों की शिकायत पर बेरीकेडिंग कराई है, ताकि हादसे न हों।
मेयर नवीन जैन ने कहा कि बहुत तेज बारिश में पानी निकलने में समय लगता है। इसलिए जब बारिश हो तो संभल कर चलें। सावधानी बरतें ताकि नालों में न गिरें। अभिभावक भी इस बात का ख्याल रखें।
नाऊ की सराय की पार्षद मिथिलेश ने कहा कि आरसीसी का नाला बनाने के लिए मैंने कई प्रस्ताव लगाए हैं, लेकिन उसे द्वेषवश पास नहीं किया जा रहा। 98 लाख रुपये का प्रस्ताव था। नाले की दीवार बार बार गिर रही है। इसी वजह से हादसा हुआ।
टेढ़ी बगिया के यशपाल सिंह ने कहा कि कालिंदी विहार 100 फुटा रोड का नाला कई जगह टूट गया है। भूमिगत नाला चोक है, जिससे पानी सड़क पर भरता है। इसी वजह से हादसा हुआ। यमुनापार के साथ भेदभाव हो रहा है। नाले का निर्माण न हुआ तो हजारों लोग प्रदर्शन के लिए तैयार हैं।