फिरोजाबाद: चोरों ने एक ही मोहल्ले में तीन घरों के चटकाए ताले, लाखों की चोरी, लोगों में दहशत
सर्दी का मौसम शुरू होते ही फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। शनिवार रात को चोरों ने एक मोहल्ले में तीन घरों में वारदात को अंजाम दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद के मोहल्ला यदुवंश नगर में शनिवार को तीन मकानों के ताले तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। एक ही मोहल्ले के तीन घरों में चोरी होने से हड़कंप मच गया। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
देवव्रत यादव पुत्र राजवीर सिंह यदुवंश नगर में परिवार के साथ रहते हैं। एक ही मकान में तीन हिस्से हैं। जिसमें एक हिस्से में देवव्रत और अन्य दो हिस्सों में उनके भाई रहते हैं। देवव्रत की पत्नी का पिछले शनिवार को निधन हो गया था। इसलिए देवव्रत अपने बड़े भाई के मकान में ही रहते थे।
शनिवार रात को चोरों ने देवव्रत के मकान के ताले तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। रविवार सुबह घटना का पता चला। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी को भी तोड़ कर उसमें रखी नकदी और आभूषण चोरी कर लिए।
बच्चों की फीस समेत पांच लाख के जेवर चोरी
देवव्रत ने बताया चोर उनके घर से 76 हजार 700 रुपये नकद (जो स्कूल के बच्चों की फीस के रखे थे) ले गए। उसके साथ ही लगभग पांच लाख रुपये का सोने-चांदी का सामान चोरी कर ले गये। सूचना पर चौकी प्रभारी सविता मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया।
दूसरी घटना देवव्रत के मकान से 500 मीटर दूर अजय सिंह उर्फ छोटू पुत्र गिरेंद्र सिंह के मकान में हुई। यहां भी ताला तोड़ कर चोरों ने घटना को अंजाम दिया। इनके यहां से जरूरी कागजात तथा 50 हजार रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए।
तीसरी घटना प्रतापपुर रोड पर मलिखानपुर तिराहे के समीप नवनिर्मित मकान में हुई। चोर इस मकान से भी सामान चोरी कर ले गये। एक ही रात में तीन घरों से चोरी की सूचना से मोहल्ले में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है।
घर से बाहर जाएं तो पुलिस को दें सूचना
चौकी प्रभारी सविता सिंह ने क्षेत्रीय लोगों से अपील की है कि वे मकान का ताला लगाकर बाहर न जाएं। अगर उन्हें जाना है तो उन्हें उनके मोबाइल नंबर पर अथवा थाने में आकर सूचना दें। या एक रात के लिए अपने किसी परिचित व्यक्ति को घर रहने के लिए बोलकर जाएंगे।