खेरागढ़। गांव-गांव घूमकर महिलाओं और बच्चों को जेवर साफ कर चमकाने का झांसा देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। गिरोह का एक सदस्य पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। पकड़े गए शातिरों से चोरी के जेवर, केमिकल और बाइक बरामद हुई है।
डीसीपी पश्चिमी आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि बीते 22 जुलाई को खेरागढ़ के गांव पहाड़ी में शातिरों ने जेवर सफाई के बहाने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पीड़िता ने शातिर युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मंगलवार को सूचना पर सैंया रोड स्थित लालपुर चौराहा से पीयूष एवं कन्हैया शाह निवासी रोहता, सदर और विक्की निवासी मुस्कीपुर, बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। गिरोह का चौथा सदस्य दीपक निवासी मोकामा बाजार पटना बिहार भाग निकला। पकड़े गए शातिरों से दो जोड़ी पायल, एक चेन, दो अंगूठियां, बिना नंबर प्लेट की बाइक, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, गैस सिलेंडर, केमिकल और जेवर साफ करने के उपकरण बरामद किए हैं। डीसीपी ने बताया कि शातिर पहले गांवों में रेकी करते थे, फिर महिलाओं का विश्वास जीतकर जेवर साफ करने के बहाने गहने लेकर भाग जाते थे। शातिर यूपी और आसपास के राज्यों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पकड़े गए तीनों आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।