फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Agra News ›   the dreams of agra that will fulfill in new year 2018

ताजनगरीः सौगातों से झोली भर देगा 2018, पूरे हो सकते हैं ये 18 सुहावने सपने

Mon, 01 Jan 2018 09:38 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला आगरा
ब्यूरो/अमर उजाला आगरा Updated Mon, 01 Jan 2018 09:38 AM IST
विज्ञापन
the dreams of agra that will fulfill in new year 2018
new year 2018 - फोटो : amar ujala
जख्मों को रफू कर लें, दिलशाद करें फिर से, ख्वाबों की नई दुनिया आबाद करें फिर से...। क्या हुआ जो वर्ष 2017 में हसरतें पूरी नहीं हुई, दिल छोटा क्या करना, नया साल है, नया सवेरा है, नई उमंगें हैं और नई उम्मीदें भीं। 
विज्ञापन


इक्कीसवीं सदी के इस अठाहरवें साल में ताजनगरी की तस्वीर चमकने वाली है। चुनौतियां तो होंगी, लेकिन इनसे निपटने की तैयारी भी मुकम्मल है। सुहाने सपने सच होने की बारी आ गई है। इतनी सौगातें मिलने वाली हैं कि झोली छोटी पड़ जाएगी। शहर को सबसे ज्यादा आस इन 18 तोहफों के मिलने की है। 
विज्ञापन

ये सपने होंगे पूरे

the dreams of agra that will fulfill in new year 2018
new year - फोटो : अमर उजाला
1. स्मार्ट हो जाएगा अपना शहर 
चौराहे चमक जाएंगे। एलईडी की रोशनी में नहा जाएगा शहर। सीसीटीवी कैमरों की जद में चप्पा-चप्पा होगा। ट्रैफिक के फोटो से चालान शुरू हो जाएंगे। लो-फ्लोर बसें चलेंगी। शहर की सूरत ही बदल जाएगी। 

स्मार्ट सिटी का जो सपना देखा था, वह इस साल सच होने जा रहा है। कागजी लिखापढ़ी तो पिछले साल ही पूरी हो गई। इस साल तो काम की बारी है। सिटी को स्मार्ट सिटी बनते हुए आप देखेंगे ही नहीं, महसूस भी करेंगे। दो हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं इस योजना पर। 

2. एयरपोर्ट बनेगा, नई उड़ान मिलेंगी
सिविल एंक्लेव के लिए जमीन तो पिछले साल ही तैयार हो गई थी। अब इसके निर्माण की बारी है। यह इस साल शुरू होगा। पूरा भी हो जाएगा। 200 करोड़ की योजना है। सरकार गंभीर लग रही है। उड़ान योजना में पहले चरण में लिया गया है शहर को। जयपुर की फ्लाइट पहले ही शुरू  हो चुकी है। अब लखनऊ, कानपुर समेत सभी मंडल मुख्यालयों के लिए शुरू होगी। देश के बड़े शहरों के लिए भी।

3. मेट्रो ट्रेन की पटरियां बिछ जाएंगी
मेट्रो की डीपीआर तैयार की जा रही है। इस साल ट्रेन तो नहीं चलेगी लेकिन पटरियां बिछ सकती हैं। सरकार हरी झंडी दे चुकी है। अब देखना यह है कि बजट में मेट्रो के लिए पैसा दिया जाता है या नहीं। सीएम योगी आदित्यनाथ कह चुके हैं कि आगरा में मेट्रो चलेगी। डीपीआर फाइनल हो जाने के बाद बहुत काम बाकी रहेगा लेकिन शुरुआत हो सकती है।

4. प्यास बुझेगी, गंगाजल मिलेगा
2700 करोड़ की इस योजना के पूरा होने के लिए शहर प्रार्थना कर रहा है। एक तो पेयजल संकट का हल मिलेगा। दूसरा खारे पानी की समस्या भी हल होगी। इस साल मार्च तक पूरा किया जाना है प्रोजेक्ट। कुछ अड़चनें हैं। इन्हें दूर किया जा रहा है। थोड़ी देर हो सकती है लेकिन इतनी नहीं कि साल ही बीत जाए। दस साल से इंतजार चल रहा है गंगाजल का।

5. शुरू हो जाएगी हेलीकॉप्टर सेवा
सरकार घोषणा कर चुकी है। जमीन की तलाश चल रही है। पर्यटकोें के लिए यह बड़ी सौगात होगी। सभी स्मारकों का दीदार हेलीकॉप्टर से होगा। आगरा से हेलीकॉप्टर उड़ेगा। ताजमहल भी आसमान से देखिए और किला भी। आगरा से फतेहपुर सीकरी जाइए। चंबल का दीदार कीजिए। बस जगह मिलने की देर है। कई कंपनियां दिलचस्पी दिखा चुकी हैं।

6. यमुना पर बनेगा रिवर फ्रंट 
यमुना पर डैम बनाया जाएगा। मंजूर हो चुका है। कागजी काम चल रहा है। विदेशी तकनीक से बनाया जाएगा इसे। शहर की पेयजल समस्या हल होगी। इसी के साथ रिवर फ्रंट विकसित किया जाएगा। सैलानियों की चांदी हो जाएगी। यमुना किनारा चमक जाएगा। कई सालों से इसकी मांग चल रही थी। लखनऊ में गोमती पर फ्रंट बना तो मांग और तेज हो गई।

मेहताब बाग से होगा नाइट व्यू

the dreams of agra that will fulfill in new year 2018
new year - फोटो : अमर उजाला
7. सीकरी में खुलेगा पर्यटन थाना
प्रस्ताव शासन को जा चुका है। मुख्यमंत्री की सैद्धांतिक मंजूरी है। सिर्फ बजट जारी होना बाकी है। सीकरी में पर्यटन थाना खुलेगा। सिकंदरा और एत्माद्दौला में पर्यटन चौकियां खोली जाएंगी। कमला नगर में नया थाना खोला जाएगा। यह मंजूर हो गया है। सिर्फ जमीन की जरूरत है। इसके अतिरिक्त दो और थाने खोले जा सकते हैं इस साल। विधि विज्ञान प्रयोगशाला में डीएनए परीक्षण सेक्शन खुल सकता है।  

8. 220 करोड़ से चमकेगा एसएन
- प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत 220 करोड़ रुपये सुपर स्पेशयलिटी सेंटर बनेगा। यहां किडनी-लिवर ट्रांसप्लांट, बायपास सर्जरी, एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी, बोनमेरो ट्रांसप्लांट, कास्मेटिक सर्जरी, अति गंभीर मधुमेह और लकवे के मरीजों का इलाज की सुविधा होगी। जिला अस्पताल में निशुल्क डायलिसिस सेवा शुरू हो जाएगी।

9. मेहताब बाग से होगा नाइट व्यू
नाइट व्यू पर काम चल रहा है। प्लान बन चुका है। प्रो पुअर टूरिज्म के तहत कच्छपुरा में काम होंगे। किला और ताज के बीच वॉकवे बनेगा। सीकरी में गोल्फ कार्ट चल सकती हैं। मुगल म्यूजियम तैयार हो सकते हैं। कीठम में अमेरिकन बोट आएगी। यहां भी गोल्फ कार्ट चलेंगी। इस साल बैलून फेस्टिवल भी करा सकती है सरकार। पिछले साल नहीं हो पाया था।

10. एनएएच-2 पर भरिए फर्राटा
दिल्ली से आगरा के वाटर वर्क्स चौराहे तक हाईवे का सिक्सलेन प्रोजेक्ट के कार्य तीन साल से चल रहे हैं। यह इस साल फरवरी तक पूरा हो जाएगा। रुनकता से ट्रांसपोर्ट नगर तक काम तेज गति से चल रहा है। वर्क्स चौराहे के पास ही यमुना नदी पर जवाहर पुल के बोझ को कम करने के लिए तीसरे पुल का निर्माण इस साल के अंत तक पूरा हो जाएगा। 

11. अब इनररिंग रोड के दूसरे चरण की बारी
कार्य तेजी से चल रहा है। यह फतेहाबाद रोड से शमसाबाद रोड के बीच विकसित किया जा रहा है। दूसरे चरण का भी मिट्टी भराव का काम लगभग पूरा हो गया है। तीसरे चरण के तहत शमसाबाद रोड से ग्वालियर हाईवे के बीच इनररिंग रोड बनाई जाएगी। इसके पूरा होते ही एनएच दो स्थित कुबेरपुर से ग्वालियर हाईवे तक पूरी इनररिंग रोड बन जाएगी।

12. किरावली में बनेगा मिनी स्टेडियम
वर्ष 2018 में शहर और ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को तोहफा मिल सकता है। किरावली में मिनी स्टेडियम में जल्द अभ्यास शुरू हो सकता है। दो और ब्लाकों में मिनी स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। खेलो इंडिया के तहत शहर में सिंथेटिक ट्रैक बनाने की योजना है। प्रक्रिया चल रही है। आगामी वित्तीय वर्ष में इस योजना के लिए बजट मिलने की संभावना है।
विज्ञापन

विदेशी मशीनों से होगी शहर की सफाई

the dreams of agra that will fulfill in new year 2018
नया साल 2018 - फोटो : अमर उजाला
13. एस्ट्रोटर्फ भी हो जाएगा तैयार 
एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में निर्माणाधीन हॉकी के एस्ट्रोटर्फ का काम फरवरी 2018 में पूरा होने की संभावना है। कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल को अतिरिक्त बजट (सवा करोड़ रुपये) उपलब्ध करा दिया गया है। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी राजेश कुमार सिंह का कहना है कि कार्यदायी संस्था ने लिखकर दिया है कि फरवरी में वह एस्ट्रोटर्फ का काम पूरा कर देगी।

14. पेठे की मिठास और बढे़गी
सरकार ने आगरा के पेठे को वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना में शामिल किया है। इसकी ब्रांडिंग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर की जानी है। इस साल इस योजना पर काम शुरू होगा। पेठा कारोबार की मिठास और बढ़ने जा रही है। कारोबारी इसके लिए तैयार हैं। उम्मीद है कि कारोबार और फलेगा-फूलेगा।

15. विदेशी मशीनों से होगी सफाई
नगर निगम का ध्यान सफाई पर है। इसके लिए अभियान चल रहा है। यह जरूरी भी है। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए विदेशी मशीनें खरीदी जाएंगी। सफाई के लिए और भी उपकरण खरीदे जाएंगे। स्वच्छता सर्वे से पहले ही सफाई पर काम तेज किया जाना है।

16. आसानी से मिलेंगे अंकपत्र
डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने वर्ष 2018 की पहली तिमाही में ही पालीवाल पार्क परिसर की आंतरिक और बाह्य व्यवस्था दुरुस्त करने की योजना बनाई है। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं फरवरी के पहले सप्ताह से कराई जा रही हैं। उम्मीद है कि मार्च, 2018 तक मूल्यांकन कार्य पूरा हो जाएगा। 

17. बदलेगी परिषदीय स्कूलों की सूरत
जिले के 17 परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलाें को उद्योगपतियाें को गोद दिया गया है। जिला प्रशासन ने उद्योगपतियों को स्कूल की सूरत बदलने की जिम्मेदारी दी है। उम्मीद है कि स्कूलों में बदलाव दिखेगा। विश्वविद्यालय और कुछ और संस्थाएं स्कूलों को गोद लेने में रुचि दिखा रहे हैं।

18. एलईडी से जगमगाएगा शहर 
नगर निगम ने केंद्र सरकार की योजना के तहत करार कर लिया है। स्ट्रीट लाइटें बदल दी जाएंगी। इनकी जगह एलईडी लाइटें लगेंगी। बिजली कम खर्च होगी, रोशनी  सस्ती मिलेगी। शहर की चमक और बढ़ जाएगी। चौराहों को भी चमकाया जाएगा। पहले चरण में दस चौराहे लिए जा चुके हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed