ऐसे भी होती है ठगी: पेटीएम बॉक्स की सर्विस का बहाना, ई-वॉलेट से उड़ाए दस हजार रुपये
चाय विक्रेता से ठगी की घटना हुई। उससे ओटीपी पूछ लिया गया, इसके बाद दस बार में 10 हजार 450 रुपये की ठगी कर ली।
विस्तार
आपके पेटीएम बॉक्स की सर्विस होनी है। उसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। चाय विक्रेता से कॉल करने वाले ने यही कहा और ओटीपी भेजकर नंबर पूछ लिया। इसके बाद ई-वॉलेट से तीन दिन में दस बार ट्रांजेंक्शन करके 10,450 रुपये ट्रांसफर कर लिए।
यहां का है मामला
न्यू आगरा थाना क्षेत्र के मऊ निवासी श्रीपाल सिंह खंदारी चौराहे के पास चाय की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि 29 मई को करीब 11 बजे फोन पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि आपकी दुकान पर पेटीएम बॉक्स लगा है। इसकी सर्विस करानी होगी। इस पर दुकानदार ने दुकान पर आकर सर्विस करने के लिए कहा। कॉल करने वाले ने कहा कि सर्विस के लिए नंबर ऑनलाइन लगाना पड़ेगा। दुकानदार मान गया और साइबर ठग को ओटीपी बता दिया। इसके बाद कॉल करने वाले ने कहा कि दो दिन में बॉक्स की सर्विस हो जाएगी। अब तुम्हें कुछ करने की जरूरत नहीं है। इस पर उन्होंने भरोसा कर लिया।
ये भी पढ़ें - UP: दामाद को समझाने आए थे ससुराल वाले, कर दी ऐसी हरकत; उजड़ गया बेटी का सुहाग
तीन दिन में निकाली रकम
साइबर ठग ने ओटीपी पूछने के बाद 29 मई को तीन बार, 30 मई को पांच बार और 31 मई दो बार इस तरह दस बार में पेटीएम के ई-वॉलेट से 10450 रुपये ट्रांसफर कर लिए। दुकानदार ने बताया कि पेटीएम में रुपये आने पर तो बॉक्स ट्रांजेंक्शन के बारे में तो बोलता है, मगर रुपये कटने पर नहीं बोलता है। इस वजह से तीन दिन बाद ठगी का पता चला। न्यू आगरा थाना प्रभारी निरीक्षक सर्वेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिल गई है। कॉल करने वाले के बारे में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - तांत्रिक ने खुद के ही भाई को मार डाला: खून से लथपथ ऐसे हाल में मिली लाश, देखकर पत्नी हुई बेहोश