साइबर अपराध: होमगार्ड के खाते से रुपये निकाल बीएमडब्ल्यू में घूमा छात्र, पांच सितारा होटल में गुजारी रात
आगरा में एक छात्र अपने शौक पूरा करने के लिए साइबर अपराध करने लगा। उसने अपने होमगार्ड मौसा के खाते से लाखों रुपये निकाल लिए। जांच में जब इसका खुलासा हुआ तो परिवार के लोग हैरान रह गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में एक छात्र ने शौक पूरे करने के लिए अपने होमगार्ड मौसा के खाते से ई-वॉलेट बना लिया। इसके बाद रकम निकालने लगा। कभी पंच सितारा होटल में रात गुजारता तो कभी बीएमडब्ल्यू में घूमने निकलता। ब्रांडेड कपड़े और जूत खरीदने से लेकर दोस्तों-रिश्तेदारों को उधारी में रकम बांटने लगा। बैंक से जानकारी मिलने पर होमगार्ड साइबर थाना पहुंचे। जांच में खाते से रकम निकालने वाले के बारे में पता चला तो सभी हैरत में पड़ गए।
होमगार्ड आगरा में एक पुलिस अधिकारी के कार्यालय में तैनात हैं। उनकी बेटी भी पुलिस विभाग में हैं। पिछले दिनों उनके घर में साली का बेटा रहने आया था। वह इंटरमीडिएट पास है। इस समय प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। इसके लिए कोचिंग ले रहा था।
घर में रहने के दौरान उसे पता चला कि होमगार्ड मौसा के खाते में लाखों रुपये जमा हैं। उनके पास कीपैड वाला मोबाइल है। इस पर उसने उनके नंबर से ई वॉलेट बना लिया। यूपीआई से उनका खाता लिंक कर लिया। इसके बाद उनके खाते से ऑनलाइन रकम निकालने लगा।
घूमने के लिए बुक की बीएमडब्ल्यू कार
वह पंच सितारा होटल में रात गुजारता। पेमेंट मौसा के खाते से कर देता। दोस्तों के साथ ग्वालियर घूमने जाने के लिए बीएमडब्ल्यू बुक करके ले गया। ब्रांडेड कपड़े और जूते भी खरीदे। दोस्तों और रिश्तेदारों को रकम भी उधार देने लगा।
छात्र देर रात रूफ टॉप रेस्टोरेंट में पार्टी भी करता था। उधर, होमगार्ड की बेटी की शादी होने वाली है। इसकी खरीदारी के लिए वो बैंक से रुपये निकालने गए। तब पता चला कि खाता खाली है। 3.75 लाख रुपये खाते से निकल गए हैं। साइबर क्राइम की आशंका पर वो रेंज साइबर सेल पहुंचे।
पीड़ित ने वापस ले ली शिकायत
साइबेल सेल से मिली जानकारी के मुताबिक, जांच में शॉपिंग, होटल के भुगतान और बीएमडब्ल्यू आदि बुक करने में एक ई वॉलेट का प्रयोग का पता चला। यह होमगार्ड की साली के बेटे का निकला। इस पर उसे बुलाया गया। पुलिस के पूछताछ करने पर उसका सच सामने आ गया। इस पर युवक के पिता आ गए। उन्होंने कहा कि वह सारा पैसा रिश्तेदार को लौटा देंगे। इस पर होमगार्ड ने भी अपनी शिकायत वापस ले ली।