बाह। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो स्थित सुगथदासा इंडोर स्टेडियम में 14 जनवरी को संपन्न हुई अंतर्राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए बाह की बेटियों श्रेया सिंह, दीक्षा एवं बेटे अभिनव ने स्वर्ण पदक जीत कर अंतर्राष्ट्रीय फलक पर शानदार दस्तक दी है। श्रीलंका, भूटान, बांग्लादेश, नेपाल, जापान के खिलाड़ियों को मात देकर स्वर्ण पदक का हकदार बनी तीनों प्रतिभाएं शनिवार को अपने हेड कोच विष्णु मिश्रा एवं कोच कृष्ण कुमार के साथ बाह पहुंचे, तो उनके स्वागत और सम्मान के लिए क्षेत्रीय लोग उमड़ पड़े। गाजे बाजे के साथ बाह कस्बे में फूल माला पहना कर लोगों ने सम्मानित किया। बाह से मंगदपुर तक घर, घर सम्मानित हुए स्वर्ण पदक विजेताओं ने बताया कि यह जीत और जोश से तैयारी करने का हौसला देगी। 14 जनवरी को श्रीलंका में अंतर्राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में बाह के मंगदपुर गांव के जगवीर सिंह की बेटी 16 साल की श्रेया सिंह ने 48 किलो भार वर्ग में, बाह के नवीन कुमार की 12 साल की बेटी दीक्षा ने 40 किलो भार वर्ग में, कनारी गांव के मान सिंह के 10 साल के बेटे अभिनव ने 25 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीत कर बाह, आगरा, उत्तर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। वीरेन्द्र प्रधान, सुरेश पचौरी, सम्राट पचौरी, सपन जैन, मनीष जैन, अमित जैन, दिनेश यादव, सुभाष चन्द, अजय यादव, हरिओम यादव, डिंपल यादव, निहारिका, शिवी यादव आदि ने बेटे, बेटियों की उपलब्धि को लेकर कहा कि बाल प्रतिभाओं ने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन किया है। आने वाली पीढियों के लिए उनकी उपलब्धि प्रेरणा का काम करेगी।