चांदी कारीगरों को थर्ड डिग्री: कारखाने में बंद कर किया टॉर्चर; चोट के निशान बयां कर रहे बर्बरता की दास्तां
ताजनगरी में दो चांदी कारीगरों को थर्ड डिग्री टॉर्चर किया गया। उन्हें कारखाने में बंद करके बुरी तरह टॉर्चर किया। उनके शरीर पर आए चोट के निशान बर्बरता की दास्तां बयां कर रहे हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में कोतवाली के सराफा व्यवसायियों ने 15 किलो चांदी के जेवरात कम देने का आरोप लगाकर पायल कारखाना संचालकों से बर्बरता की। आरोप है कि उन्हें कारखाने में ले जाकर लोहे की रॉड और लात-घूसों से पीटा। घर ले जाकर नग्न किया, बेल्ट से पिटाई लगाई। वीडियो भी बना लिए। चांदी कम देने के बारे में कागजात पर लिखवाने के बाद छोड़ा। मामले में थाना कोतवाली में 5 सराफ के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
कृष्णा कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र और कचहरी घाट निवासी पंकज साझेदारी में फुलट्टी बाजार में चांदी के पायल बनाने का कारखाना चलाते हैं। पंकज ने बताया कि वह सराफा व्यवसायियों से चांदी लेकर आते हैं। मजदूरी पर जेवर तैयार करके देते हैं। पिछले दिनों कश्मीरी बाजार के गुड्डू भाई ने चांदी दी थी। माल तैयार कर वापस कर दिया। 10 दिन बाद फर्म के सराफ ने 15 किलो चांदी कम बताई।
आरोप है कि 19 अगस्त की शाम 6:30 बजे आकाश, शैंकी गुप्ता, वरुण, गुडडू और कृष्णा आदि लोग कारखाने में आ गए। जबरन अपने साथ ले गए। कारखाने पर ले जाकर लात-घूंसों से पीटा। बेल्ट से भी पिटाई लगाई। पंकज की नाक से खून निकलने पर ठंडा पानी पिलाकर दवा खिला दी। बाद में सेंट जोंस स्थित एक घर में ले गए, जहां दोनों को फिर से नंगा करने के बाद पीटा गया।
बारी-बारी पिटवाया, बनाया वीडियो
आरोप है कि सराफा व्यवसायियों ने धमकी देकर बारी-बारी एक-दूसरे से भी पिटवाया। इस दौरान मोबाइल से वीडियो भी बना लिए। बाद में आधार, पैनकार्ड और चालक लाइसेंस भी रख लिए। कागजात पर हस्ताक्षर कराने के बाद चाय पिलाई। दवा खिलाने के बाद शराब भी पीने के लिए दी।
बताया कि मना करने पर फिर पीटा। शराब पीते हुए वीडियो बनाने के बाद छोड़ दिया। वह किसी तरह घर आए। अपना इलाज कराया। मंगलवार को पुलिस से शिकायत की। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।