मैनपुरी।
महिला थाना प्रभारी ने सोमवार को चेकिंग के दौरान कोचिंग सेंटर के बाहर मौजूद शोहदे को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बहन का इंतजार करने की बात कही, लेकिन जब उसकी बात झूठी निकली तो उसे कोतवाली ले जाया गया, वहां छात्रा को परिजनों की सुपुदर्गी में दिया गया, वहीं शोहदे से पुलिस पूछताछ कर रही है।
महिला थाना प्रभारी सरोजनी देवी टीम के साथ कोचिंग सेंटर आदि स्थानों पर चेकिंग कर रहीं थीं। तभी एक कॉलोनी स्थित कोचिंग सेंटर के बाद कुछ युवकों को खड़े हुए देखा। पुलिस को देख वहां मौजूद युवक तितर बितर हो गए। एक युवक से खड़े होने की वजह पूछी तो उसने बताया कि उसकी बहन कोचिंग पढ़ रही है। उसके बाहर आने का इंतजार कर रहा है। जब महिला थाना प्रभारी ने छात्रा से पूछताछ की तो बताया कि उसने किसी को नहीं बुलाया।
युवक की बात झूठ पाए जाने पर कोतवाली लाया गया, वहां छात्रा को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं समाचार लिखे जाने तक शोहदा कोतवाली में ही बैठा हुआ था। महिला थाना प्रभारी ने बताया कि शोहदे को कोतवाली पुलिस की सुपुदर्गी में दिया गया है, मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।