रातभर टूटी पटरी से गुजरती रहीं सुपरफास्ट सहित कई ट्रेनें, सुबह हुई रेलवे को खबर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कासगंज-मथुरा रेलवे ट्रैक पर रविवार रात जोखिम भरा सफर रहा। रेलवे ट्रैक की पटरी चटक गई। इस ट्रैक से चार सुपरफास्ट सहित कई मालगाड़ी और ट्रेनें गुजर गई। सुबह ग्रामीणों और की-मैन ने चटकी पटरी देख रेलवे के अधिकारियों को सूचना दी।
इसके बाद रेलवे में हड़कंप मच गया। रेलवे की पीडब्लूआई टीम मौके पर पहुंच गई और रेल लाइन के मरम्मत करने का कार्य शुरू किया। इस बीच काफी देर तक मालगाड़ी और कुछ सवारी गाड़ी ट्रैक पर ही रोकी गईं।
सोमवार सुबह गांव गहराना के ग्रामीण अजय और विकास मथुरा रेल ट्रैक के समीप से गुजर रहे थे। कासगंज से कुछ ही दूर रेलवे लाइन पर किलोमीटर संख्या 251/23 पर ग्रामीणों ने देखा कि रेल की पटरी चटकी हुई थी।
लाल झंडी दिखाकर मालगाड़ी रुकवाई
इसकी जानकारी उन्होंने कीमैन रामरूप मीणा को दी। इस बीच मथुरा की ओर से आ रही मालगाड़ी को कीमैन ने सतर्कता बरतते हुए लाल झंडी दिखाकर रोक लिया। रेल लाइन फ्रेक्चर होने की सूचना उच्चाधिकारियों को दी।
पीडब्ल्यूआई के इंजीनियर मुकेश कुमार पाठक बेल्डिंग टीम लेकर ट्रैक के मरम्मत को पहुंच गए। ट्रैक चटके होने की सूचना से रेलवे में हड़कंप दिखा। टीम ने काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर मरम्मत का कार्य किया।
मालगाड़ी भी ट्रैक पर ही खड़ी रही। कुछ सवारी गाड़ियां भी स्टेशनों पर रोक दी गईं। वैकल्पिक मरम्मत के बाद 10 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से कॉशन देकर मालगाड़ी और ट्रेनों को पास किया गया।
चटकी हुई रेल पटरी से चार सुपरफास्ट और दो सवारी गाड़ी गुजर गईं। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। दोपहर बाद रेल ट्रैक गति के लिए पूरी तरह दुरुस्त कर लिया गया।
जोखिम के बीच गुजरीं यह ट्रेनें
इसके अलावा ट्रेन संख्या 13238 कोटा-पटना ट्रेन सुबह 6 बजे पूरी गति से इस ट्रैक से गुजरी। लखनऊ से चलकर बांद्रा जाने वाली ट्रेन संख्या 19022 सुबह 6:45 बजे जोखिम भरे ट्रेन से गुजर गई। दो पैसेंजर ट्रेन भी चटके ट्रैक से गुजर गईं।
- 4 सवारी गाड़ियां हुईं प्रभावित।
- 5 ट्रेन और मालगाड़ी कॉशन देकर निकाली गईं।
- 2 पैसेंजर ट्रेन भी ट्रैक से निकलीं।
'कासगंज-मथुरा ट्रैक पर किलोमीटर संख्या 252 पर पटरी चटके होने की जानकारी होते ही रेलवे की टीम मौके पर पहुंच गई। सोमवार दोपहर तक ट्रैक पूरी तरह दुरुस्त कर लिया गया। इससे पहले कॉशन देकर ट्रेने निकाली गईं।'
- राजेंद्र सिंह, पीआरओ, रेलवे।