सट्टा किंगः क्रिकेट में करोड़ों का सट्टा, पुलिस की नजर से बचने सटोरियों का ये है नया ठिकाना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा में सट्टा किंग को पकड़ने के बाद पुलिस भले ही सट्टा पर नकेल कसने का दावा कर रही हो, पर क्रिकेट मैच में पहले की तरह ही सट्टा लग रहा है। करोड़ों रुपये के दांव लग चुके हैं और मैच के दौरान भी इतने ही रुपये लगेंगे। पुलिस से बचने के लिए सटोरियों ने अपना नया ठिकाना बनाया है, जो शहर से बाहर है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सट्टा किंग श्याम बोहरा के गुर्गे अब भी सट्टा बाजार में सक्रिय हैं। भारत पाकिस्तान के बीच मैच में करोड़ों रुपये का सट्टा लगता है। इस बार भी सटोरी दांव खेलने से बाज नहीं आ रहे हैं। शहर भर में एक दर्जन से अधिक सटोरी सक्रिय हो चुके हैं, जो मैच में सट्टा लगा रहे हैं। पुलिस की सख्ती को देखते हुए सटोरियों ने अपना ठिकाना बदल दिया है।
बताया जा रहा है कि इस बार सटोरियों ने होटल, लाज या अन्य बड़े-लग्जरी स्थानों को सट्टा खेलने के लिए नहीं चुना है। वे इस बार शहर से बाहर यानी गांवों को अपना नया ठिकाना बनाया है। वे शहर के चारों ओर गांव-गांव में बंटकर सट्टा की बिसात बिछा रहे हैं। सटोरियों का मानना है कि पुलिस की नजर से यहां बचा जा सकता है। ये ठिकाना बस मैच के दौरान ही रहेगा।
दुबई में होने वाले भारत-पाकिस्तान के मैच को लेकर गजब का रोमांच है। इस पर सट्टा का काला कारोबार बहुत फलफूल रहा है। बताया जा रहा है कि शहर में एक दर्जन से अधिक बड़े सटोरी सक्रिय हो चुके हैं। एक-एक सटोरी 5 से 10 करोड़ रुपये तक सट्टा लगवाता है। अनुमान है कि इस मैच में शहर से 200 करोड़ रुपये का सट्टा खेला जाएगा। इस नेटवर्क को पकड़ना पुलिस के लिए भी बड़ी चुनौती है।
मालूम हो कि पुलिस ने मैच के एक दिन पहले ही कई सटोरियों को गिरफ्तार किया था। इससे साफ हो गया है कि भारत-पाकिस्तान मैच में सट्टा लगवाने के लिए सटोरी सक्रिय हो चुके हैं। हालांकि सट्टा किंग श्याम बोहरा की गिरफ्तारी के बाद काफी हद तक सट्टा के काले कारोबार पर नकेल कसी गई है। फिर भी सटोरियों का पूरी तरह से नेटवर्क खात्मे में पुलिस ने अब तक सफलता प्राप्त नहीं कर सकी है।