Firozabad News: रोडवेज बस ने बाइक सवार चाचा भतीजे को रौंदा, दोनों की मौत
कोतवाल आजाद पाल सिंह ने कहा सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। रोडवेज बस को कब्जे में लिया है। दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
फिरोजाबाद के जसराना क्षेत्र में एटा शिकोहाबाद पर सिरौला बक्शीपुर के पास सामने से आ रही रोडवेज बस ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को रौंद दिया। हादसे में दोनों की ही मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान आक्रोशित परिजनों ने जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने समझाकर परिजनों को शांत करा दिया।
रिश्तेदारी में आए थे दोनों
जनपद एटा के थाना रिजोर के गांव रामनगर निवासी दिनेश चंद्र (35) पुत्र कोटम सिंह दो दिन पूर्व अपनी रिश्तेदारी में थाना सिरसागंज के गांव कुंजपुर हवेली आए थे। बृहस्पतिवार को दिनेश चंद्र अपनी बुआ के नाती नीरज (18) पुत्र पप्पू निवासी कुंजपुर हवेली थाना सिरसागंज के साथ बाइक से अपने घर रामनगर जा रहा था। थाना जसराना क्षेत्र के गांव सिरोला बक्शीपुर के पास सामने से आ रही एटा डिपो की रोडवेज बस ने बाइक सवार को रौंद दिया। बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें - Agra: पांच साल से अधर में लटकी है 350 करोड़ रुपये की रबर डैम परियोजना, राह का रोड़ा बने 288 पेड़
जाम लगाने का किया प्रयास
सूचना मिलने पर आनन- फानन में पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने एटा शिकोहाबाद मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कर दिया। वहीं दोनों युवकों की मौत के बाद परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक दिनेश के भाई रवींद्र ने रोडवेज बस चालक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल आजाद पाल सिंह ने कहा सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। रोडवेज बस को कब्जे में लिया है। दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।