मैनपुरी में पूर्व सैनिक की हत्या: गाड़ी खड़ी करने के विवाद में पीट-पीटकर मारा डाला, आरोपी फरार
मौसेरे भाई और उसके परिवार पर हत्या का आरोप है। दोनों के बीच 20 साल से विवाद चल रहा था। सोमवार को घर के बाहर गाड़ी खड़ी करने पर विवाद और गहरा गया। आरोपी पक्ष ने पीट-पीटकर पूर्व सैनिक की जान ले ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी के भोगांव कस्बे में सोमवार शाम को दरवाजे पर गाड़ी खड़ी करने को लेकर मौसेरे भाइयों में विवाद हो गया। इस बीच हुई मारपीट में पूर्व सैनिक की मौत हो गई। परिजनों ने पीट-पीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। वारदात के बाद से आरोपी पक्ष घर से भाग गया है।
कस्बा के रजवाना रोड स्थित महामाया एकेडमी स्कूल के सामने मोहल्ला चौधरी निवासी श्यामलाल फौजी (62) तथा सुघर सिंह आपस में मौसेर भाई हैं। सोमवार शाम करीब सात बजे सुघर सिंह ने अपनी पिकअप श्यामलाल फौजी के दरवाजे पर पिकअप खड़ी कर दी।
इसका श्यामलाल व उनके परिजनों ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच मारपीट होने लगी। मारपीट में श्यामलाल की मौत हो गई। आरोप है कि सुघर सिंह ने अपने पुत्रों व अन्य परिजनों के साथ मिलकर श्यामलाल की लाठी डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
वारदात के बाद हमलावर मौके से भाग गए। जानकारी मिलने के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही है।
सीओ भोगांव अमर बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में मकान को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। सोमवार शाम को पिकअप खड़ी करने को लेकर विवाद गहरा गया। मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं। मारपीट के बीच हो सकता है कि मौत हार्टअटैक से हुई हो। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
20 साल से चल रहा था विवाद
श्यामलाल और सुघर सिंह मौसेरे भाई हैं, दोनों ने मोहल्ला चौधरी में मकान बनवाने के लिए मिलकर जमीन खरीदी। इसके बाद दोनों ने मकान बनवाए। यहां खाली पड़ी जमीन पर स्वामित्व को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हो गया। यह विवाद बीस वर्ष पुराना था।
इस दौरान दोनों पक्षों में कई बार लड़ाई झगड़े हुए। मृतक की पुत्री रिंकी ने बताया कि चाचा सुघर सिंह ने विवाद बीस साल से चला आ रहा था। रिंकी ने बताया कि सोमवार को उसके घर में जन्माष्टमी की तैयारी चल रही थी, उसी समय आरोपी सुघर सिंह अपनी पिकअप लेकर आ गए।
उनके दरवाजे पर खड़ा कर दिया। पिता ने दरवाजे से गाड़ी हटाने के लिए कहा। इस बात पर वह हमलावर हो गए। अन्य परिजन भी लाठी डंडा लेकर आ गए और पिता को पीटना शुरू कर दिया।