दीक्षांत समारोह कल: तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप, जेपी सभागार में छात्र-छात्राओं ने बनाई रंगोली
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के 86वें दीक्षांत समारोह का आयोजन 21 दिसंबर को खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में होगा। इसमें 69 छात्र-छात्राओं को कुल 109 पदक दिए जाएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 86वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में होगा। इसे लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सोमवार को ललित कला संस्थान के छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम स्थल पर रंगोली बनाई। जेपी सभागार को भी सुसज्जित किया गया।
इससे पूर्व रविवार को विश्वविद्यालय के खंदारी में उसका पूर्वाभ्यास किया गया। वन यूपी गर्ल्स बटालियन की आगरा कॉलेज की एनसीसी कैडेट्स ने कुलाधिपति की भूमिका निभा रहीं गृह विज्ञान संस्थान की निदेशिका प्रो. अचला गक्खड़ को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। वहीं, पीएसी के बैंड ने धुन के माध्यम से स्वागत किया।
69 छात्र-छात्राओं को दिए जाएंगे 109 पदक
86वें दीक्षांत समारोह में 69 छात्र-छात्राओं को कुल 109 पदक दिए जाएंगे। इसमें 95 स्वर्ण और 14 रजत पदक हैं। शैक्षणिक सत्र 2019-20 के स्नातक और परास्नातक के 1,04,320 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां दी जाएंगी। इसमें स्नातक के 91,427 और परास्नातक के 12,893 छात्र-छात्राएं हैं। 93 को एमफिल की उपाधि दी जाएगी। इसके अलावा आठ को डीलिट की उपाधि दी जाएगी।
कुलपति हैं, पर दीक्षांत समारोह का हिस्सा नहीं रहेंगे
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अशोक मित्तल हैं। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उन्हीं का नाम और फोटो लगा है। विश्वविद्यालय की ओर से अतिथियों को आमंत्रित करने के लिए जारी पत्र में उनका नाम नहीं है। वह पांच जुलाई से ही कुलाधिपति के आदेश पर कार्य विरत चल रहे हैं। पांच अगस्त तक उन पर लगे आरोपों की जांच होनी थी। पांच माह बीतने के बाद भी उनके मामले में निर्णय नहीं हो पाया है।
फिलहाल दीक्षांत समारोह के आमंत्रण कार्ड पर कुलपति के तौर पर प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय का ही नाम है। विश्वविद्यालय के सत्र 2019-20 का दीक्षांत समारोह पांच अप्रैल को ही होना था। उस समय प्रो. अशोक मित्तल के कोरोना संक्रमित होने की वजह से दीक्षांत समारोह टाल दिया गया था। वहीं, दीक्षांत समारोह अब कराया जा रहा है।