मथुरा में बोले राकेश टिकैत: कन्हैया की नगरी को फसाद से बचाकर रखें, कुछ लोग वोट बटोरना चाहते हैं
किसान नेता राकेश टिकैत सोमवार को मथुरा में अखिल भारतीय समता फाउंडेशन का धरना प्रदर्शन स्थगित कराने पहुंचे थे। उन्होंने धरने पर बैठे लुकेश कुमार जूस पिलाकर धरना स्थगित कराया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत सोमवार को मथुरा पहुंचे। उन्होंने यहां प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि कन्हैया की नगरी को मथुरावासी फसाद से बचाकर रखें। कुछ लोग मथुरा से वोट बटोरना चाहते हैं। यहां सब कुछ अच्छा चल रहा है। चुनाव से पहले अब उनकी नजर मथुरा पर ही है।
बता दें कि बीते एक वर्ष से धर्म और आस्था की नगरी मथुरा लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। इसकी वजह है श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही मस्जिद ईदगाह जमीन विवाद, यूपी विधानसभा चुनाव से पहले यह मुद्दा गरमाने लगा है। इस पर टिकैत ने कहा कि मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि है। यहां सब लोग प्रेम से रहते हैं। लोगों इसे फसाद से बचाकर रखना है।
टिकैत ने स्थगित कराया धरना
किसान नेता राकेश टिकैत सोमवार को समता फाउंडेशन की ओर से किसानों की मांगों को लेकर चल रहे धरने को स्थगित कराने पहुंचे थे। उन्होंने अखिल भारतीय समता फाउंडेशन के अध्यक्ष लुकेश राही को जूस पिलाकर धरना स्थगित कराया। लुकेश राही 14 महीनों से धरना दे रहे थे।
'आंदोलन स्थगित किया है, खत्म नहीं'
टिकैत ने किसान आंदोलन को लेकर कहा कि आंदोलन स्थगित किया है खत्म नहीं हुआ है। जब जरूरत पड़ेगी फिर आंदोलन कर लेंगे अभी तो भारत सरकार ने काम करने के लिए कहा है। आगामी विधानसभा चुनावों में राजनीतिक दल को समर्थन के मुद्दे पर टिकैत ने कहा कि उनके आंदोलन से लोगों को काम करने का रास्ता मिल गया है वह काम करें। उनके भरोसे कोई न रहे।
मथुरा की छाता शुगर मिल के मुद्दे पर राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार शुगर मिल को चालू कराए। सरकारी फैक्टरी बंद क्यों होगी? उन्होंने किसानों की हत्या के मामले केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बारे में कहा कि टेनी का इस्तीफा और गिरफ्तारी की मांग वह जहां भी बैठक होगी उठाते रहेंगे।