आगरा: राजस्थान पुलिस ने यूपी के पांच पुलिसकर्मियों को 24 घंटे बाद छोड़ा, जानिए पूरा मामला
धौलपुर के गांव कछपुरा में दबिश के दौरान आगरा पुलिस पर हमला कर दिया गया था। अपने बचाव में पुलिसकर्मियों ने फायरिंग कर दी, जिसमें गांव की एक महिला गोली लगने से घायल हो गई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान के जिला धौलपुर के थाना कंचनपुर के गांव कछपुरा में आगरा पुलिस पर हुए हमले की घटना के बाद थाने में बैठाए गए पुलिसकर्मियों को 24 घंटे बाद छोड़ दिया गया। उधर, घायल महिला के परिजनों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आगरा पुलिस की ओर से भी अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गोतस्कर गिरोह के पांच सदस्यों को शनिवार को जेल भेज दिया।
थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में आठ मई को गोतस्करों के गैंग के नौ सदस्य गिरफ्तार किए गए थे। आरोपियों से पूछताछ के बाद राजस्थान बार्डर के गांव के गिरधारी का नाम सामने आया था। वह भाट जाति के लोगों की मदद से सस्ते दामों में गोवंश को खरीदकर लाता था। गैंग गोवंश को बिहार लेकर जाता था। गिरधारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
संबंधित खबर- धौलपुर में दबिश के दौरान आगरा पुलिस पर हमला, जवाबी कार्रवाई में महिला को लगी गोली
शुक्रवार को गिरधारी को राजस्थान की सीमा पर थाना एत्माद्दौला, खेरागढ़ और एसओजी टीम ने पकड़ लिया था। इसके बाद उसके साथियों को पकड़ने के लिए आगरा पुलिस धौलपुर के थाना कंचनपुर स्थित कछपुरा गांव पहुंची थी। यहां से चार और आरोपी पकड़ने पर ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया था। पुलिस टीम ने बचाव में गोली चला दी थी।
आगरा के पांच पुलिसकर्मियों को थाने में बैठाया
फायरिंग में गोली एक महिला को लग गई थी। आगरा पुलिस पांच आरोपियों को लेकर निकल गई थी, जबकि राजस्थान पुलिस ने खेरागढ़ थाने के एसआई हरिओम और उनके साथ चार पुलिसकर्मियों को कंचनपुर थाने में बैठा लिया था। रात में एसएसपी मुनिराज जी वहां पहुंचे। उन्होंने एसपी धौलपुर केसर सिंह से बात की। शनिवार को महिला की हालत में सुधार हुआ।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, महिला के परिजनों ने आगरा पुलिस की टीम के खिलाफ केस दर्ज कराया है। दूसरा मुकदमा आगरा पुलिस की ओर से लिखा गया है। इसमें 200 से ज्यादा ग्रामीण आरोपी बनाए गए हैं। मुकदमा एसआई हरिओम ने जानलेवा हमले का दर्ज कराया है। विवेचना के बाद मुकदमों में कार्रवाई की जाएगी। पुलिसकर्मियों को थाना कंचनपुर से छोड़ दिया गया।
एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि पुलिस और ग्रामीणों की ओर से मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। मुकदमे की राजस्थान पुलिस विवेचना करेगी। वहीं राजस्थान से गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।