रेलवे वेंडर प्रकरण: पांच रेलकर्मियों पर गिरी गाज, कर दिया गया स्थानांतरण
रेल प्रशासन ने तीनों सीआईटी एवं दो सीएमआई के स्थानांतरण किए हैं। बुधवार शाम एपीओ प्रयागराज ने आदेश जारी किए, तो रेलकर्मियों में हड़कंप मच गया।
विस्तार
फिरोजाबाद के टूंडला में चेकिंग स्टाफ व वेंडर विवाद एवं डीटीएम कार्यालय में बयान देने जाने के दौरान चेकिंग स्टाफ के हंगामा करने के आरोपी तीनों सीआईटी एवं सीएमआई पर आखिर गाज गिर ही गई। रेल प्रशासन ने तीनों आरोपी सीआईटी एवं दो सीएमआई का बुधवार देर शाम प्रशासनिक स्तर पर स्थानांतरित कर दिया गया। एक साथ इतने स्थानांतरण के आदेश जारी होने के बाद विभाग में हड़कंप मचा गया है।
एक हफ्ते पूर्व टूंडला रेलवे स्टेशन पर हुए वेंडर प्रकरण में वाणिज्य के सीआईटी स्टेशन सीपी गर्ग ने राजकीय रेलवे पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद दूसरे दिन तीनों सीआईटी बीएस मीणा, मुनीमलाल मीणा, सीपी गर्ग एवं सीएमआई श्रीकृष्ण मीणा को बयानों के लिए डीटीएम कार्यालय बुलाया गया था। जहां उक्त रेलकर्मियों द्वारा डीटीएम कार्यालय स्टाफ के साथ अभद्रता कर दी गई थी। इस मामले में थाना टूंडला में डीटीएम कार्यालय स्टाफ ने तीनों सीआईटी एवं सीएमआई के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। सोमवार को डीआरएम प्रयागराज मोहित चंद्रा एवं मंगलवार को सीसीएम एनसीआर एसपी वर्मा ने भी टूंडला पहुंचकर इस प्रकरण की जानकारी ली थी। काफी लंबे समय तक चली जांच के बाद रेल प्रशासन ने प्रशासनिक स्तर पर तीनों सीआईटी एवं दो सीएमआई को स्थानांतरित कर दिया। रेल प्रशासन ने अमर सिंह मीणा को सीआईटी प्रशासन, जयंती प्रसाद को सीआईटी स्टेशन एवं मोहनलाल मीणा को सीआईटी रेड बनाया है।
यहां हुआ इनका स्थानांतरण
रेल प्रशासन ने प्रशासनिक स्तर पर सीआईटी प्रशासन बीएस मीणा को प्रयागराज छिवकी जंक्शन, मुनीमलाल मीणा को चुनार रेलवे स्टेशन, सीपी गर्ग को सूबेदारगंज, श्रीकृष्ण मीणा को कानपुर गुड्स में सीएमआई एवं भैरोलाल मीणा को मानिकपुर जंक्शन पर स्थानांन्तरित कर दिया गया है।
सीसीएम के आने के दूसरे दिन हुई कार्रवाई
मंगलवार को मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एनसीआर प्रयागराज एसपी वर्मा ने टूंडला रेलवे स्टेशन आकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले थे। जिसके बाद एनसीआर प्रयागराज के सहायक कार्मिक अधिकारी चंद्रशेखर कुमार ने ये आदेश जारी कर दिए हैं।