कासगंज। दो दिन पहले बंद घर में आग लगने के कारण सबकुछ जलकर राख हो गया था। इसके बाद परिवार खाना-पानी के लिए परेशान हो गया था। वह डीएम के दरबार में पहुंच गया, जहां से उसे मदद के साथ भरपूर खाद्यान्न मिला।
सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव लहरा में दो दिन पहले राधेश्याम अपनी पत्नी के साथ मजदूरी करने के लिए गांव में ही गया था। दोपहर को उसे सूचना मिली कि उसके घर में आग लग गई है। इससे उसका सामान और खाद्यान्न जलकर राख हो गया। मंगलवार को तहसील दिवस में वह मासूम बच्चों और पत्नी के साथ जिलाधिकारी सीपी सिंह के समक्ष पहुंच गया।
इस दौरान उसने अपनी वेदना सुनाई और मदद मांगी। डीएम के निर्देश पर आपूर्ति विभाग ने पीड़ित परिवार को 20 किलो गेहूं, 15 किलो चावल, 5 किलो आलू, मिर्च, मसाले, सरसों का तेल और तीन हजार रुपये की सहायता दी। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पीड़ित परिवार की मदद की गई है। साथ ही उसे हर संभव मदद देने का प्रयास किया जा रहा है।