चुनावी सीजन है: 50 हजार से ज्यादा नकदी मिलने पर देना पड़ेगा हिसाब, नहीं तो जब्त हो जाएगी रकम
विधानसभा चुनाव 2022 की आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। इसके चलते ज्यादा नकदी लेकर चलने वालों की जांच पड़ताल भी शुरू हो गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विधानसभा चुनाव की तिथियां घोषित होते ही आगरा पुलिस भी अलर्ट मोड में आ गई है। अवैध असलहा और शराब पकड़ी जा रही है। बवालियों पर पुलिस की नजर है। पाबंद करने की कार्रवाई की जा रही है। इसी के साथ अब पुलिस के निशाने पर 50 हजार से अधिक नकदी लेकर जाने वाले भी रहेंगे। रकम का हिसाब नहीं देने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रकम जब्त कर ली जाएगी। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में 12 करोड़ से अधिक रकम पकड़ी गई थी।
चुनाव के दौरान वोटरों को धन बल से अपनी ओर आकर्षित करने के प्रयास किए जाते हैं। अपने पक्ष में मतदान करने के लिए दबाव बनाया जाता है। अवैध धन की आवाजाही भी बढ़ जाती है। इसको रोकने के लिए पुलिस सक्रिय है। इस बार भी आयकर विभाग, प्रशासन और पुलिस के साथ संयुक्त टीम बनाई गई है। यह टीम जगह-जगह चेकिंग करेगी।
50 हजार से अधिक रुपये मिलने पर होगी पूछताछ
चेकिंग के दौरान, जिन लोगों पर 50 हजार से अधिक मिलेगा, उनसे पूछताछ की जाएगी। अगर, लोग 50 हजार रुपए एक साथ ले जाने से संबंधित कागजात और कारण नहीं बता सकेंगे तो इसे जब्त कर लिया जाएगा। आयकर विभाग की टीम भी पूछताछ करेगी। रकम से संबंधित दस्तावेज दिखाने पर ही यह वापस मिल सकेगा।
ऑनलाइन भुगतान से फायदा
पुलिस का कहना है कि अधिक रकम ले जाने वालों से सवाल किए जाएंगे। पूछा जाएगा कि वह रकम कहां से लेकर आए हैं? रकम लेकर कहां जा रहे हैं? उसके सभी प्रमाण भी उपलब्ध कराने होंगे। व्यापारियों के कर्मचारियों को अपना पहचान पत्र साथ रखना होगा। अगर, रकम व्यापार से संबंधित है तो उसका भी प्रमाण देना होगा। ऐसे में लोगों को ऑनलाइन लेनदेन ही फायदे का सौदा रहेगा।
वर्ष 2017 में पकड़े थे 12 करोड़
वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में पुलिस ने 12 करोड़ से अधिक रकम को पकड़ा था। यह वही लोग थे जो रकम का हिसाब नहीं दे सके थे। रकम छुड़ाने में भी लोगों को काफी समय लग गया था, जिन लोगों ने हिसाब दिया, उन्हीं को रकम वापस मिल सकी। लोगों को काफी चक्कर काटने पड़े थे।
वर्ष 2017 में कार्रवाई में पकड़ी गई रकम
आगरा- 5.63 करोड़
मैनपुरी- 2.15 करोड़
मथुरा - 1.61 करोड़
फिरोजाबाद- 1.07 करोड़
अलीगढ़-66 लाख
हाथरस-55 लाख
एटा-34 लाख
कासगंज-18 लाख
एडीजी जोन राजीव कृष्ण ने बताया कि अवैध शराब और असलहा लेकर जाने वालों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है। अधिक रकम लेकर जाने वालों को भी पुलिस चेक करेगी। इसके लिए संयुक्त टीम बनाई गई है।