फोटो में दिख रहा टेंपो...पुलिस ने चालान काटा कैंटर का, मालिक हैरान-परेशान
- गाड़ी मालिक ने एसएसपी ऑफिस में दिया प्रार्थना पत्र
- हर महीने आते हैं 10 मामले गलत चालान के
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में पुलिस ने एमजी रोड पर एक टेंपो का चालान काटा। इसमें पांच हजार रुपये जुर्माना राशि अदा करनी है। यह चालान भेजा गया है आयशर कैंटर मालिक को। चालान पर उनकी गाड़ी का नंबर लिखा है, जबकि फोटो में टेंपो दिख रहा है। पीड़ित ने अधिकारियों के चक्कर लगाए, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। मंगलवार को एसएसपी दफ्तर में प्रार्थनापत्र दिया है।
शमसाबाद के गांव चार विस्वा निवासी शिवराम का कहना है कि उनकी आयशर कैंटर गाड़ी का पिछले दिनों एक चालान पहुंचा। यह 24 फरवरी को ट्रैफिक पुलिस ने काटा था। इसमें फोटो टेंपो का है। इसका नंबर भी लिखा है। टेंपो के नंबर की जगह चालान उनके पास पहुंचा दिया गया है।
चालान को एमजी रोड पर कटना दिखाया गया है। इसमें शुल्क के रूप में पांच हजार रुपये जमा करने हैं। चालान में गलत नंबर अंकित करने की वजह से ऐसा हुआ है। चालान काटे जाने से शिवराम को गाड़ी का परमिट लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
घर में खड़ी बाइक का कटा था चालान
बालाजी पुरम, जगदीशपुरा निवासी भाजपा नेता केके भारद्वाज के बेटे की बाइक का एक सप्ताह पहले चालान कट गया था। केके भारद्वाज का कहना था कि बाइक घर में खड़ी रही और हरीपर्वत पर चालान काट दिया गया। इसकी शिकायत एसएसपी से की गई थी।
हर महीने दस मामले
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हर महीने दस मामले गलत चालान की शिकायतों के आते हैं।
- नौ जुलाई, 2018 को अयोध्या कुंज निवासी पियूष उपाध्याय की सेंट्रो कार का बिजलीघर पर चालान काटा गया। कार के चालान में जुर्म हेलमेट नहीं पहनने का लिखा था। पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी। मामला सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
- अगस्त, 2019 में ईदगाह कटघर निवासी बबीता की स्कूटी के पांच चालान कटे। उन्होंने एसएसपी आफिस में शिकायत की। बताया कि पति की मौत के बाद से एक्टिवा घर में खड़ी है। चालान में लगी फोटो में स्कूटी पर दो युवक सवार नजर आ रहे हैं।
- आवास विकास कॉलोनी निवासी राजेंद्र कुमार की इंडिगो कार का यमुना एक्सप्रेसवे पर काटा गया चालान घर पहुंचा। इसमें फोटो स्विफ्ट कार का था।
एक ही नंबर की दो एक्टिवा
'चोरी के वाहनों पर फर्जी नंबर'
पुलिस कई वाहन चोरों को पकड़ चुकी हैं। चोर वाहनों को चोरी करने के बाद फर्जी नंबर प्लेट लगाते हैं। जब पुलिस चालान काटती है तो नंबर प्लेट की फोटो खींची जाती है। इससे चालान उस नंबर से पंजीकृत वाहन स्वामी के घर पहुंचता है। उन्हें पुलिस अधिकारियों के चक्कर काटने पड़ते हैं।
'जांच कराई जाएगी'
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने बताया कि गलत वाहन स्वामी के घर चालान पहुंचा है तो जांच कराई जाएगी। जांच में अगर शिकायत सही मिलती है तो चालान को सही वाहन स्वामी के पास भिजवाया जाएगा।