आगरा: दरोगा ने भाजपा पदाधिकारी को मारे थप्पड़, थाने में हंगामा, एसएसपी ने की यह कार्रवाई
- घर के अंदर न जाने पर दरोगा ने भाजपा पदाधिकारी को थप्पड़ मारे, लाइन हाजिर
- भाजपाइयों ने थाना घेरकर तीन घंटे किया हंगामा, एसएसपी ने की दरोगा पर कार्रवाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पिनाहट कस्बे के सदर बाजार क्षेत्र में गुरुवार की रात अपने घर के सामने खड़े भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नगर अध्यक्ष निखिल गुप्ता गश्त कर रहे दरोगा जितेंद्र कुमार के कहने पर अंदर नहीं गए। इस पर दरोगा ने उन्हें दो थप्पड़ जड़ दिए।
घटना की जानकारी पर भाजपाइयों ने थाना घेर लिया और दरोगा के निलंबन की मांग लेकर तीन घंटे तक हंगामा, प्रदर्शन किया। वे रात 11 बजे तब हटे, जब एसएसपी बबलू कुमार ने दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया। सीओ फतेहाबाद को मामले की जांच दी गई है।
घर के बाहर खड़े थे भाजपा नेता
निखिल गुप्ता घर के सामने खड़े कुछ लोगों से बात कर रहे थे। उनका आरोप है कि तभी पिनाहट थाने में तैनात दरोगा जितेंद्र ने आकर उनको घर में अंदर जाने के लिए कहा। निखिल ने बताया कि वे लोगों से बात कर ही रहे थे कि दरोगा तैश में आ गए। उन्होंने नजदीक आकर दो थप्पड़ जड़ दिए और भला-बुरा कहा।
उधर, इस घटना का पता चलने पर भाजपाइयों ने थाना घेर लिया। नगर अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने घटना की जानकारी जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह को दे दी है। दरोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपाइयों की भीड़ बढ़ती गई।
सूचना पर सीओ फतेहाबाद विकास जायसवाल मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष पिनाहट कुंवर पाल सिंह ने बताया कि पूरा मामला उच्चाधिकारियों को बता दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी। इसी बीच पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह ने एसएसपी को फोन पर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
दरोगा पर कार्रवाई हो गई है - सीओ
क्षेत्राधिकारी (सीओ) विकास जायसवाल ने बताया कि आरोपी दरोगा पर कार्रवाई हो गई है। उनको लाइन हाजिर कर दिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- कासगंज: दिल्ली जाने की जिद में पत्नी ने की आत्महत्या, सूचना मिलने पर पति ने भी दी जान