Etah News: पुलिस ने मुठभेड़ में एक बदमाश को किया गिरफ्तार, गोली लगने से हुआ घायल, साथी फरार
एटा के मारहरा क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। उसके पैर में गोली लगी है। वह अपने साथी के साथ मिरहची क्षेत्र में चोरी की वारदात करने आया था।
विस्तार
एटा के मारहरा थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। घायल बदमाश कासगंज के सोरों थाना क्षेत्र के गांव पैसोइ का रहने वाला है।
एसएसपी उदय शंकर सिंह ने बताया कि थाना मिरहची क्षेत्र के नगरा अतीत में रात तकरीबन तीन बजे बदमाशों ने एक मकान में नकबजनी की। आहट होने पर परिवार के लोग जाग गए। उन्होंने शोर मचा दिया। ग्रामीणों के आने पर बदमाश गांव से भाग गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस टीम पर की फायरिंग
इस पर थाना मिरहची और मारहरा पुलिस के साथ एसओजी की टीम बदमाशों की तलाश में जुटी गई। बदमाश मारहरा क्षेत्र के जंगल में छिपे थे। पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस घायल बदमाश को मेडिकल कॉलेज में लेकर आई। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी है। उसका उपचार चल रहा है। घायल बदमाश का नाम पंजाबी है। वह सोरों थाना क्षेत्र के गांव पैसोइ का निवासी है। पुलिस ने उससे बाइक बरामद की है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.