Agra: एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में तीमारदार और वार्ड बॉय में मारपीट, जमकर हुआ हंगामा
एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। तीमारदार और वार्ड बॉय में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने थाना एमएम गेट में तहरीर दी है।
विस्तार
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में सोमवार को तीमारदार और वार्ड बॉय में मारपीट हो गई। इससे ओपीडी में जमकर हंगामा हुआ। मरीजों में भी अफरातफरी मच गई। इससे आधा घंटे तक ओपीडी में चिकित्सकीय सेवाएं प्रभावित रहा। तीमारदार ने पुलिस बुलाई। दोनों पक्षों ने तहरीर दी है।
सोमवार सुबह करीब साढे़ ग्यारह बजे की घटना है। रायभा निवासी ऊषा देवी अपने बेटे सनी के साथ एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंची। ऊषा देवी को लिवर संबंधी परेशानी थी। काउंटर पर पर्चा बनवाकर कमरा नंबर 12 में डॉक्टर को दिखाने गई। यहां तैनात वार्ड बॉय विजय से कहासुनी हो गई।
विवाद बढ़ने पर तीमारदार और वार्ड बॉय में मारपीट हो गई। इससे ओपीडी में हंगामा शुरू हो गया। तीमारदार ने 112 पर फोन कर पुलिस को बुला लिया। पुलिस विजय को पकड़कर थाने ले गई। जानकारी पर एसएन का स्टाफ भी पहुंच गया। दोनों पक्षों का मेडिकल हुआ और थाना एमएम गेट में तहरीर दी है।
वार्ड बॉय पर लगाया यह आरोप
मरीज ऊषा देवी ने बताया कि डॉक्टर को दिखाने के लिए लाइन में लगी थी और वार्ड बॉय बिना लाइन के अपने परिचितों को डॉक्टर के चैंबर में दिखाने भेज रहा था। इसका विरोध करने पर वह अभद्रता करने लगा। बेटे ने विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट की। वार्ड बॉय विजय का कहना है कि ये लाइन तोड़कर डॉक्टर के कमरे में जबरदस्ती घुस रहीं थी। इनको रोका तो बेटे के साथ इन्होंने गालीगलौज करते हुए मारपीट की।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि ओपीडी में तीमारदार और वार्ड बॉय के बीच कहासुनी के बाद विवाद हुआ है। मेडिसिन विभगाध्यक्ष से इसकी रिपोर्ट मांगी है। इसकी जांच भी करा रहे हैं। मंगलवार को समिति का भी गठन करेंगे।