#LadengeCoronaSe: यहां के लोग संक्रमण से बचाव के लिए सख्ती से करते हैं नियमों का पालन
ताजनगरी की पार्श्वनाथ पंचवटी कॉलोनी और विभव रवेरा अपार्टमेंट में कोविड गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। यहां के लोगों ने खुद इसकी जिम्मेदारी ले ली है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में पार्श्वनाथ पंचवटी कॉलोनी के लोगों ने सतर्कता बरतने के साथ दूसरों की भी चिंता की। यही कारण है कि एक-दो परिवारों को संक्रमण भी हुआ मगर सभी सुरक्षित निकले। इसी तरह फतेहाबाद रोड स्थित विभव रवेरा अपार्टमेंट के लोगों ने भी नियमों का सख्ती से पालन किया। दोनों ही कॉलोनियों में हरेक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी को संभालता है।
गाइड लाइन के प्रति हैं सजग
पंचवटी कॉलोनी निवासी कंचन चौधरी ने कहा कि पंचवटी कॉलोनी के हर परिवार की सुरक्षा के लिए नियमित सैनिटाइजेशन किया जाता है। गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग, फेस मास्क के बगैर प्रवेश नहीं मिलता है। नियमों का पालन सभी को करना होता है।
कॉलोनी में लगाए गए बैनर
रिचा गुप्ता ने बताया कि कॉलोनी में कोरोना से बचाव और गाइड लाइन के पालन के लिए बैनर भी लगाए गए हैं। यह बैनर इस महामारी के प्रति जागरूकता को दर्शाते हैं। सभी परिवारों के लोग भी हर तरह की मुसीबत में साथ होते हैं।
अब घर का काम खुद कर रहे
डॉ. जीएस श्रीवास्तव ने कहा कि चिकित्सक होने के नाते जागरूकता और लोगों को समय-समय पर काउंसिलिंग करने के साथ ही कॉलोनी में अब सभी लोग घर का काम खुद कर रहे हैं। घरेलू कामकाज करने वाले कर्मियों को कुछ समय को हटाया है।
बाहरी लोगों को प्रवेश नहीं
मनोज उपाध्याय ने कहा कि 20 अप्रैल से बाहरी लोगों को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। किसी को अगर मुलाकात करनी है तो वह कॉलोनी के गेट के बाहर जाकर मिल सकता है। बच्चों को भी सतर्क किया गया है। युवा भी इस मुहिम में जुड़े हैं।
कॉलोनी के श्याम भोजवानी, दीपक गुप्ता बताते हैं कि पार्क, झूले, मंदिर सभी सार्वजनिक स्थलों को सैनिटाइज किया जाता है। एक साथ पांच से छह लोगों से ज्यादा को इकट्ठा करने पर रोक है। पूजा करने के लिए भी लोग समूह में नहीं जाते हैं।
विभव रवेरा अपार्टमेंट निवासी केशो मेहरा ने कहा कि अपार्टमेंट में कोविड से संबंधित गाइड लाइन का न केवल पालन किया जाता है बल्कि अब लोगों ने इसके साथ जीने का आदत सीख ली है। सैनिटाइजेशन, सामाजिक दूरी के साथ ही सभी कार्य किए जा रहे हैं।
गेट पर ही जांच के बाद प्रवेश
रितु बख्शी ने कहा कि अपार्टमेंट में सैनिटाइजेशन के अलावा सभी को ताकीद की गई है कि कर्मचारी, ऑनलाइन डिलीवरी करने वालों के भी हाथों को सैनिटाइज, थर्मल स्क्रीनिंग कराने के बाद ही अंदर भेजा जाए। लोग सतर्कता बरत रहे हैं।
मदद के लिए व्हाट्एस ग्रुप से जुड़े
हरदीप पुरी ने कहा कि इस वक्त लोग एक-दूसरे से व्हाट्सएप से जुड़े हुए हैं। अगर किसी को कोई समस्या होती है तो अपार्टमेंट के लोग एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आते हैं। संक्रमण से बचाव के लिए सभी उपाय किए गए हैं।
जरूरी होने पर ही घर से बाहर कदम
रमा खन्ना ने कहा कि अपार्टमेंट में रहने वाले परिवारों को संक्रमण की इस लहर से दूर रखने के लिए आवश्यक होने पर ही लोग बाहर जाते हैं। कोरोना कर्फ्यू में बहुत कम ही निकलना होता है। काढ़ा आदि के सेवन के लिए भी प्रेरित करते हैं।