आगरा: उधार के 34 लाख रुपये नहीं लौटाए, 80 साल की महिला ने भतीजे पर दर्ज कराया मुकदमा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा के थाना छत्ता में 34 लाख रुपये हड़पने के मामले में रिंग रोड निवासी संजय कुमार अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि संजय ने एचयूएफ खाते से रकम उधार ली। इसके बाद ब्याज अदा नहीं की। डेढ़ साल पहले रकम देने से मना कर दिया।
मुकदमा मोती लाल नेहरू रोड निवासी उर्मिला अग्रवाल की ओर से दर्ज कराया गया है। संजय रिश्ते में उनके भतीजे लगते हैं। बेटे दीपक अग्रवाल ने बताया कि पिता प्रहलाद अग्रवाल की अग्रवाल आयरन वर्क्स के नाम से आयरन फाउंड्री थी।
प्रहलाद अग्रवाल की अप्रैल 2015 में मृत्यु हो गई। फाउंड्री पहले ही बंद हो गई थी। मां उर्मिला की उम्र 80 वर्ष है। वह प्रहलाद प्रसाद अग्रवाल एचयूएफ (हिंदू संयुक्त परिवार खाता) की कर्ता हो गई हैं। इससे पहले पिता कर्ता थे।
ये लगाए आरोप
दर्ज कराए मुकदमे के मुताबिक, प्रहलाद अग्रवाल के भाई राजेंद्र प्रसाद के बेटे संजय अग्रवाल निवासी इनर सिटी रिंग रोड ने आर्थिक तंगी होने पर एचयूएफ खाते से ब्याज पर रुपयों की मांग की। प्रहलाद अग्रवाल ने अगस्त, 2012 को 14.50 लाख रुपये दे दिए।
इसी महीने में 1.30 लाख रुपये और दिए। इस पर 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देना तय हुआ। संजय ने 1.24 लाख रुपये ब्याज के अक्तूबर, 2013 में खाते में ट्रांसफर किए। 13 फरवरी, 2014 को 1.25 लाख रुपये और ले लिए। बाद में संजय ने वार्षिक ब्याज का भुगतान नहीं किया।
सितंबर, 2018 में समाज के लोगों की पंचायत हुई। इसमें उन्होंने रकम वापस करने के लिए समय की मांग की। नवंबर, 2019 में रकम देने से मना कर दिया। मूलधन के 17.05 लाख रुपये और आठ साल की ब्याज के 17.02 लाख रुपये निकल रहे हैं।
पीड़िता उर्मिला अग्रवाल ने पिछले दिनों एसएसपी बबलू कुमार को प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बाद पिछले दिनों थाना छत्ता में अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना छत्ता के प्रभारी निरीक्षक राजकमल का कहना है कि संजय कुमार अग्रवाल के खिलाफ 34.07 लाख रुपये हड़पने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।