Firozabad: पालतू कुत्ते की बरामदगी के लिए अधिकारी की पत्नी का थाने में हंगामा, पुलिस कर रही जांच
राष्ट्रीय बचत योजना के उपनिदेशक की पत्नी ने पालतू कुत्ते की बरामदगी को लेकर थाने में हंगामा कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों से बहस तक हो गई। पुलिस ने अश्वासन देकर महिला को शांत कराया।
विस्तार
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में राष्ट्रीय बचत योजना के उप निदेशक की पत्नी बृहस्पतिवार को कोतवाली पहुंची और अपने लापता कुत्ते की बरामदी कराने को लेकर पुलिस से गुहार लगाई। पुलिस ने उनकी शिकायत पर एक कर्मचारी महिला और ब्लॉक के कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया। इस दौरान उप निदेशक बचत की पत्नी ने थाने में जमकर हंगामा किया।
ये है मामला
पूर्व में खंड विकास अधिकारी के पद पर रहे प्रभात कुमार मिश्रा का ब्लॉक परिसर में ही आवास था। उन्होंने दो कुत्तों को पाल रखा था। इस दौरान उनका ट्रांसफर हो गया। वह परिवार के साथ आगरा चले गए। यहां उनकी तैनाती डिप्टी डायरेक्टर बचत के रूप में हुई। आवास खाली करने के दौरान उनके दो पालतू कुत्ते देखभाल के लिए उन्होंने कर्मचारी की पत्नी के सुपुर्द कर दिए। इसमें से एक कुत्ता गुम हो गया, जिसकी जानकारी जब डिप्टी डायरेक्टर को हुई तो उन्होंने कर्मचारी महिला से कुत्ते के बारे में जानकारी की।
ये भी पढ़ें - मैनपुरी उपचुनाव: अखिलेश को मिला शिवपाल का साथ, बोले- नेताजी के बाग को अब हम अपने खून पसीने से सीचेंगे
थाने पहुंच गई पत्नी
उन्होंने कहा कि अगर किसी को दे दिया है तो बता दें वह उनसे कुत्ते को वापस करा लेंगे। इस दौरान डिप्टी डायरेक्टर की पत्नी ने ऑन लाइन कुत्ते की मिसिंग की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी। काफी समय बाद भी जब कुत्ता नहीं मिला तो बृहस्पतिवार को डिप्टी डायरेक्टर की पत्नी थाने पहुंची और प्रभारी निरीक्षक से कुत्ता बरामद कराने को लेकर बहस हो गई।
पूछताछ के लिए बुलाए कर्मचारी
महिला की शिकायत पर एसएचओ ने ब्लॉक की आरोपी महिला और अन्य कर्मचारियों को बुलाकर पूछताछ की। काफी देर तक कुत्ते की बरामदी को लेकर थाने में हंगामा चलता रहा। बाद में प्रभारी निरीक्षक ने महिला को समझा कर घर भेज दिया।