जिले की सरकार गठित: जिला पंचायत अध्यक्ष की शपथ के साथ खिंचा विकास का खाका, देखिए ब्रज की तस्वीरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कलक्ट्रेट सभागार में डीएम ने अध्यक्ष और अध्यक्ष ने सदस्यों को दिलाई शपथ
मैनपुरी जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों का सोमवार को शपथ ग्रहण समारोह हुआ। कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्ष को शपथ दिलाई। इसके बाद अध्यक्ष ने मौजूद सदस्यों को शपथ दिलाई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने कार्यभार संभाल लिया। शपथ ग्रहण समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना भदौरिया 17 सदस्यों के साथ पहुंचीं। आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री की मौजूदगी में जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने अध्यक्ष को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। अध्यक्ष द्वारा सभी 18 सदस्यों को शपथ दिलाते ही जिला पंचायत का गठन पूर्ण हो गया। अध्यक्ष ने कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने बताया कि वे जिला पंचायत के माध्यम से जिले का विकास करने के लिए प्रयास करेंगी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक एके राय, मुख्य विकास अधिकारी ईशा प्रिया, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत तपेश चंद्र वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, गोविंद भदौरिया, अंकुर अग्निहोत्री, अरविंद तोमर मौजूद रहे।
कासगंज: कुल 14 ने ली शपथ
कासगंज जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के बाद सोमवार को जिलाधिकारी सीपी सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप को शपथ दिलाई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने शपथ ग्रहण में शामिल अन्य 13 सदस्यों को शपथ दिलाते हुए आपसी सामंजस्य से जिले में बेहतर विकास कार्य कराए जाने का भरोसा दिया। शपथ ग्रहण समारोह में जिला पंचायत सदस्य हरिओम वर्मा, अभय यादव, आराम सिंह शाक्य, सितारा कश्यप, सोनू बाला, पूनम शाक्य, भावना राजपूत, अवनीश सोलंकी, कमल सिंह, हेमलता वर्मा, सी देवी, विकास यादव, मुरसलीन ने शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह में जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और सदस्यों को बधाई देते हुये कहा कि जिले के विकास की चाबी अध्यक्ष के हाथ में सौंप दी गई है। अपने अधिकारों और दायित्वों को समझें तथा जनहित और सर्वहित में विकास कार्य कराने के निर्णय लें। जिलाधिकारी ने सभी से अनुरोध किया कि जिम्मेदार नागरिक बनें ।शपथ ग्रहण समारोह में विधायक सदर देवेन्द्र सिंह राजपूत, विधायक पटियाली ममतेश शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष भाजपा केपी सिंह सोलंकी, वरिष्ठ भाजपा नेता श्यामसुन्दर गुप्ता, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सोनकर, मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र, अपर जिलाधिकारी एके श्रीवास्तव, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत उज्जवल अंबेश, मौजूद रहे।
फिरोजाबाद जिला पंचायत कार्यालय के सभागार में नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सिंह को डीएम चंद्र विजय सिंह ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष ने जिला पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई। समारोह में जनपद के प्रभारी मंत्री राजेंद्र सिंह उर्फ मोती सिंह व राज्यसभा सदस्य डॉ. अनिल जैन भी मौजूद रहे। समारोह के मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र सिंह उर्फ मोती सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव में जिस प्रकार से भाजपा ने परचम फहराया है, उसी प्रकार सबका साथ, सबका विश्वास एवं सबका विकास की भावना के साथ युवा टीम काम करेगी। राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल जैन ने कहा कि केंद्र की मोदी एवं प्रदेश की योगी सरकार की नीतियों का परिणाम है कि शहर से लेकर गांव तक जनता भाजपा के साथ है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत की नई टीम गांव का बेहतर विकास कराएगी। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संगठन के प्रभारी दयाशंकर सिंह ने कहा कि हर्षिता सिंह जिले में विकास का नया अध्याय लिखेंगी। पूर्व मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने सिरसागंज विधायक को किंगमेकर बताते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस अहसान को वह ब्याज सहित चुकाएंगे। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 19 जिला पंचायत सदस्यों को दबंगई के बल पर राजस्थान सरकार के संरक्षण में रखा। दबाव बना कर शपथ ग्रहण समारोह में आने से जिला पंचायत सदस्यों को रोका गया। मंचासीन अतिथियों का इंजीनियर सुमित प्रताप सिंह एवं जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सिंह ने स्वागत किया।
एटा जीटी रोड स्थित जनेश्वर मिश्र सभागार में सोमवार को शपथ ग्रहण समारोह हुआ। जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा यादव सहित 27 सदस्यों ने शपथ ली। सोमवार सुबह से ही जनेश्वर मिश्र सभागार में अधिकारियों सहित सपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की भीड़ लगना शुरू हो गई। सुबह 11 बजे के बाद डीएम सहित सीडीओ अवधेश बाजपेयी वहां पहुंचे। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष को शपथ ग्रहण कराई। इसके बाद अध्यक्ष ने मौजूद 27 सदस्यों को शपथ दिलाई। बाद में जिला पंचायत के सभागार में बैठक हुई। जिसका संचालन अपर मुख्य अधिकारी राहुल सिंह ने किया। इस दौरान जिला पंचायत की समितियों के गठन पर विचार किया गया। सदस्यों ने समितियों के गठन का अधिकार अध्यक्ष को दिया। सदन में रखे गए प्रस्ताव को सर्व सम्मति से स्वाीकार किया गया। इस अवसर पर बीएसए संजय सिंह सहित कई अधिकारी और सपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।