विश्वविद्यालय में परीक्षा से पहले हंगामा: एनएसयूआई के कार्यकर्ता पानी की टंकी पर चढ़े, एबीवीपी ने शवयात्रा निकाली
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में छात्रों की मुख्य परीक्षा 24 जुलाई से शुरू हो रही हैं, लेकिन अब तक कई छात्र परीक्षा फॉर्म नहीं भर पाए। इसके चलते कई छात्र एनएसयूआई अध्यक्ष सतीश सिकरवार की अगुवाई में शुक्रवार को पानी की टंकी पर चढ़ गए और समय बढ़ाने की मांग की।
विस्तार
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से विश्वविद्यालय प्रशासन की शवयात्रा निकाली। समाजवादी छात्र सभा के महानगर और जिला इकाई ने कुलपति का पुतला अलग-अलग फूंका। शुक्रवार को विश्वविद्यालय में कुलपति, कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक मौजूद नहीं रहे।
विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं 24 जुलाई से शुरू हो रही हैं। जो छात्र परीक्षा फॉर्म भरने से रह गए हैं, उनको मौका नहीं दिया गया। इसके विरोध में दोपहर करीब 12 बजे एनएसयूआई के कार्यकर्ता विश्वविद्यालय पहुंचे। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के बाहर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। विश्वविद्यालय में किसी अधिकारी के न बैठे होने और न ही एक घंटे में किसी के पहुंचने पर कार्यकर्ता परिसर में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए।
छात्र नेताओं ने की नारेबाजी
संगठन के जिलाध्यक्ष सतीश सिकरवार, प्रदेश उपाध्यक्ष बिलाल अहमद, महासचिव ललित त्यागी, अंकुश गौतम, राष्ट्रीय, प्रदेश सचिव कुलदीप दीक्षित और आकाश चंद्रा पानी के टंकी पर चढ़कर विश्वविद्यालय के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं नीचे प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव शर्मा, अपूर्व शर्मा, राष्ट्रीय संयोजक मान्या शर्मा आदि ने प्रदर्शन किया।
उनके प्रदर्शन के दौरान ही समाजवादी छात्रसभा की जिला इकाई के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए, उन्होंने भी परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इनके हाथों में कुलपति और परीक्षा नियंत्रक लापता के पोस्टर थे। गेट नंबर दो के बाहर कुलपति का पुतला भी फूंका। इनमें जिलाध्यक्ष चिराग तोमर, विपिन यादव, अनुज यादव, विपुल यादव, विशाल ठाकुर, भूपेंद्र तोमर, गजेंद्र धाकरे, रोहित गुर्जर शामिल रहे।
वहीं दूसरी ओर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन की शवयात्रा निकाली। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय से कुलपति सचिवालय होते हुए फिर परीक्षा नियंत्रक के कार्यालय के बाहर पहुंचे। छात्रों का भविष्य बर्बाद होने पर कार्यकर्ता प्रतीकात्मक रूप से रो भी रहे थे। विरोध प्रदर्शन में संगठन की केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य प्रियंका तिवारी, महानगर सहमंत्री कर्मवीर, आस्था शर्मा, पुनीत कुमार, दीपक कश्यप, सुब्रत, हेमंत, सौरभ, हर्षिता, प्रीती, ध्रुव, संदीप, आर्यन, संदीप मौजूद रहे।
समाजवादी छात्रसभा महानगर इकाई के कार्यकर्ता पहले खंदारी परिसर फिर पालीवाल पार्क परिसर पहुंचे। विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के बाहर ही कुलपति का पुतला फूंका। इस दौरान महानगर अध्यक्ष अमित प्रताप सिंह, प्रभाकर जादौन, कैप्टन बघेल, रवि यादव, लोकेश सोलंकी, मुवीन खान, अनुराग आर्य, रितिक प्रजापति, शुभम वाल्मीकि, मानवेंद्र सिंह, मुकुल यादव, करन वाल्मीकि, गुलफाम, अमित, समीर आदि मौजूद रहे।
पांच घंटे टंकी पर रहे कार्यकर्ता
एनएसयूआई के कार्यकर्ता दोपहर एक बजे पानी की टंकी पर चढ़े। पांच घंटे तक ऊपर रहे। खास बात यह रही कि इस दौरान विश्वविद्यालय का कोई अधिकारी या उसका प्रतिनिधि कार्यकर्ताओं से बात करने के लिए नहीं पहुंचा। न ही विरोध प्रदर्शन कर रहे, अन्य छात्र संगठनों से बात की। शाम को साढ़े चार बजे एसीएम प्रथम पहुंचे। उन्होंने पहले तो किसी ने बात नहीं की। फिर शाम साढ़े पांच बजे वह टंकी पर चढ़े कार्यकर्ताओं से बात करने पहुंचे।
पुलिस मौजूद रही पर किसी को रोका नहीं
विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस सुबह से मौजूद रही, पर किसी को रोका नहीं। पुलिस की मौजूदगी में शवयात्रा निकाली गई, परिसर के अंदर और बाहर पुतले फूंके गए।
विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर प्रो. मनोज श्रीवास्तव की ओर से हरीपर्वत थाने में तहरीर दी गई है। आरोप लगाया गया है कि कुछ दिनों से छात्र नेता और अराजकतत्व विश्वविद्यालय का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। जो छात्र परीक्षा देने से वंचित रह गए हैं, कॉलेजों के माध्यम से उनकी जानकारी विश्वविद्यालय में जमा कराने के लिए कहा जा रहा है।
कुलपति ने आश्वासन दिया है कि इनको परीक्षा समिति में रखकर विचार किया जाएगा। इसके बाद भी छात्र नेता एकत्रित होकर विश्वविद्यालय प्रशासन पर अपनी मांग मनवाने का प्रयास कर रहे हैं। दबाव बनाने के लिए पानी की टंकी पर चढ़ गए। सतीश सिकरवार, अंकुश गौतम, ललित त्यागी, विलाल अहमद, कुलदीप दीक्षित, आकाश चंद्रा व अन्य को नामजद किया गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.