बाह। जैतपुर के रूपपुरा गांव में 18 जून को संतोषी माता मंदिर में आरती करते समय प्रदीप मिश्रा (42) की गोली मारकर हत्या की गई थी। शनिवार देर रात कमतरी पुल पर हुई मुठभेड़ में हत्यारोपी सोमेश पाराशर पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसीपी बाह हरेकृष्ण शर्मा ने बताया चैकिंग के दौरान रोकने पर आरोपी पुलिस पर फायरिंग कर बीहड़ में कूदकर भाग रहा था। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने पर वह घायल हो गया। गिरफ्तार किए गए सोमेश से हत्या में प्रयुक्त तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। सोमेश ने पुलिस को बताया बीते साल साल फरवरी में पिता कन्हैयालाल पाराशर को मारपीट कर गांव में बेइज्जत किया था। पिता की बेइज्जती का बदला लेने के लिए उसने प्रदीप की हत्या की है, जिसका उसे कोई पछतावा नहीं है। इससे एक दिन पहले सोमेश पाराशर के दोस्त जैतपुर के सत्यम पुरोहित को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बता दें कि मृतक के भाई अवधेश मिश्रा ने गांव के कन्हैयालाल पाराशर, उनके बेटे सोमेश पाराशर, जैतपुर के श्याम नौपुत्रा, सत्यम पुरोहित को हत्या में नामजद कराया था। एसीपी ने बताया कि आरोपी कन्हैयालाल पाराशर एवं श्याम नौपुत्रा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी हुई हैं। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।