खर्चीली बहू से परेशान सास ने परामर्श केंद्र में लगाई गुहार, कहा- घर में नहीं बनाती खाना, बाहर से मंगाती है
आगरा के परिवार परामर्श केंद्र में एक सास ने बहू के खिलाफ शिकायत की। आरोप लगाया कि बहू खर्चीली है। घर के काम नहीं करती है। उसकी वजह से बेटे से अलग रहना पड़ रहा है। वहीं बहू ने भी पति पर मां के कहने में चलने का आरोप लगा दिया। मामले में दोनों पक्षों को अगली तारीख पर बुलाया गया है।
थाना छत्ता क्षेत्र का रहने वाला युवक सात साल पहले एक परिचित के शादी समारोह में गया था। युवक की मुलाकात एक युवती से हो गई। दोनों में बातचीत के बाद दोस्ती हो गई। पहले परिजन राजी नहीं थे। मगर, युवक परिवार में इकलौता था। इस कारण उसके परिजन शादी के लिए तैयार हो गए।
आरोप है कि शादी के बाद युवती ने ससुराल में तेवर दिखाने शुरू कर दिए। सास के अनुसार बहू जब से आई है, घर का कोई काम नहीं करती है। नौकरानी को लगवा लेती है। घर में खाना भी नहीं बनाती है। अक्सर बाहर से ही खाना मंगवा लेती है। इससे बेटे का काफी खर्च हो जाता है। बेटा अगर, मना करता है तो झगड़ने लगती है। इस कारण वह बेटे के साथ होने के बावजूद अलग रहती हैं।
उधर, केंद्र पर काउंसिलिंग के लिए बहू को भी बुलाया गया था। आरोप था कि पति मां के कहने पर चलता है। उसकी कोई बात नहीं मानता है। इस पर काउंसलर ने बेटे को बुलाया, लेकिन वह नहीं आया। अब दोनों पक्षों को परिवार के अन्य लोगों के साथ बुलाया गया है। मां को बेटे के साथ आने के लिए कहा है।
आठ मामलों में समझौता हुआ
परामर्श केंद्र प्रभारी कमर सुल्ताना ने बताया कि रविवार को केंद्र पर 15 जोड़े उपस्थित हुए थे, जिनमें से आठ जोड़ों की काउंसिलिंग कर सुलह कराई गई। तीन मामलों में पति ने शिकायत की थी। इसमें एक पति ने कहा कि उसकी पत्नी खाना नहीं बनाती है। इसके अलावा दो ने पत्नी के मायके वालों पर धमकी देने का आरोप लगाया।
चार मामले पत्नी की शिकायत के थे। किसी ने पति के शराब पीकर मारपीट और घर का खर्च नहीं देने की शिकायत थी तो किसी की इलाज नहीं कराने की शिकायत थी। वहीं एक मामले में पिता ने बेटी के उत्पीड़न की शिकायत की थी। सभी सुलह होने के बाद घर चले गए।