ताजमहल पर उमड़े पर्यटक: जन्माष्टमी पर 19,730 लोगों ने किया दीदार, आज भी लगी कतार
ताजमहल समेत आगरा के सभी स्मारकों पर अब स्मारकों पर सैलानियों की संख्या बढ़ने लगी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की छुट्टी पर ताजमहल पर सोमवार को पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। 19,730 देसी-विदेशी पर्यटकों ने ताज का दीदार किया। आगरा किले पर भी तीन हजार से ज्यादा सैलानियों ने भ्रमण किया। मंगलवार सुबह भी ताजमहल में पर्यटक उमड़े और सुहाने मौसम में स्मारक का दीदार किया।
जून में संक्रमण में कमी आने के बाद ताजमहल को पर्यटकों के लिए खोला गया था, लेकिन अभी तक सैलानियों में इजाफा नहीं हो पा रहा था। अब स्मारकों पर सैलानियों की संख्या बढ़ने लगी है।
ताजमहल में सोमवार को अवकाश वाले दिन सुबह से ही पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जोकि सूर्यास्त तक जारी रहा। पर्यटकों ने ताज और मुख्य गुंबद की कब्रों के दीदार भी किए। पूरे दिन ताज के दोनों गेटों पर पर्यटकों की गहमागहमी बनी रही। आगरा किले में भी तीन हजार से ज्यादा पर्यटक पहुंचे।
स्मारक - पर्यटक
ताज - 19730
आगरा किला - 3845
सिकंदरा - 844
एत्माद्दौला - 324
महताब बाग - 301
मरियम टूम - 31
रामबाग - 115
ऑफ सीजन में भी पर्यटकों का पहुंचना सुकून भरा
पर्यटन कारोबारी संदीप अरोरा ने कहा कि अभी पर्यटन की दृष्टि से अआफ सीजन चल रहा है। अक्टूबर से पर्यटन सीजन की शुरुआत होती है, लेकिन अगस्त से ही टूरिस्ट की संख्या बढ़ना अच्छा संकेत है। यदि संक्रमण की तीसरी लहर का खतरा नहीं बढ़ा तो निश्चय ही इससे बुरे दौर से गुजर रहे आगरा के पर्यटन की सांसें लौटेंगी।
अभी ठहराव कम, लेकिन अच्छा संकेत
होटल एंड रेस्टोरेंट ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश वाधवा ने कहा कि अभी टूरिस्ट ठहराव के लिए कम आ रहे हैं। इसके बाद भी ताजमहल समेत अन्य स्मारकों पर टूरिस्ट के पहुंचने से राहत मिलेगी। पर्यटन सीजन तक सब कुछ ठीक रहा तो होटलों में टूरिस्ट का ठहराव भी बढ़ेगा।
अकरबान टूर्स के प्रोपराइटर सुमित उपाध्याय ने कहा कि टूर बुकिंग की स्थिति में पहले से सुधार आया है। पर्यटकों की आमद बढ़ने से टूर पैकेज की बुकिंग भी बढ़ेगी। इससे आगरा के टूरिज्म को फायदा होगा। पर्यटन सीजन तक यही चाल बनी रहनी चाहिए।